श्रीलंकाई गेंदबाजों की घातक गेंदबाजी, दक्षिण अफ्रीका को बड़े स्कोर से रोका

South Africa v Sri Lanka - Second Test Day 2
South Africa v Sri Lanka - Second Test Day 2

दक्षिण अफ्रीका (South Africa) के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका (Sri Lanka) ने अपनी दूसरी पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 150 रन का स्कोर बनाया। श्रीलंका के लिए दिमुथ करुणारत्ने (Dimuth Karunaratne) 91 और निरोशन डिकवेला (Niroshan Dickwella) 18 रन बनाकर क्रीज पर हैं और श्रीलंकाई टीम की बढ़त पांच रनों की हो गई है।

दूसरे दिन श्रीलंकाई गेंदबाजों ने धाकड़ खेल दिखाते हुए दक्षिण अफ्रीका को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। कल के नाबाद बल्लेबाज डीन एल्गर शतक बनाने के बाद 127 रन बनाकर आउट हुए। उनके साथ खेल रहे वैन डर डुसेन ने 67 रन बनाए। इन दोनों के अलावा दक्षिण अफ्रीका का कोई भी बल्लेबाज श्रीलंकाई गेंदबाजी का जवाब नहीं दे पाया। पूरी दक्षिण अफ़्रीकी टीम 302 रन बनाकर आउट हो गई और पहली पारी के आधार पर 145 रन की बढ़त प्राप्त करने में सफल रही। श्रीलंका के लिए विश्वा फर्नान्डो ने धाकड़ गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट चटकाए। उनके अलावा असिता फर्नान्डो को 2 और शनाका को भी 2 विकेट हासिल हुए।

जवाब में दूसरी बार बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। श्रीलंका के ओपनर बल्लेबाज महज 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद दिमुथ करुणारत्ने और लाहिरू थिरिमाने ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। थिरिमाने ने 31 रन की पारी खेली। वहां से दो विकेट और गिरे लेकिन करुणारत्ने अपने अर्धशतक के बाद भी क्रीज पर डटे रहे। अंत में निरोशन डिकवेला के रूप में करुणारत्ने को एक जोड़ीदार मिला और दोनों मिलकर दक्षिण अफ्रीका की 145 रनों की बढ़त को पार करने में सफल रहे। श्रीलंकाई टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट पर 150 रन बनाए और पांच रन की बढ़त हासिल की। करुणारत्ने ने नाबाद 91 और डिकवेला ने नाबाद 18 रन बनाए। अगर श्रीलंका की टीम दक्षिण अफ्रीका को 200 रन का लक्ष्य देने में सफल रहती है, तो उनके लिए मुश्किल हो सकती है। दक्षिण अफ्रीका के लिए दूसरी पारी में अब तक लुंगी एनगिडी को 3 और नॉर्टजे को 1 विकेट मिला है।

संक्षिप्त स्कोर

श्रीलंका: 157/10, 150/4

दक्षिण अफ्रीका/302/10

Quick Links

Edited by Naveen Sharma
App download animated image Get the free App now