टीम इंडिया के दौरे से पहले श्रीलंका पर टूटा दुखों का पहाड़, कप्तान की गोली मारकर हुई हत्या

श्रीलंका को टीम इंडिया के खिलाफ सीरीज से बुरी खबर मिली है (Photo Credit: Getty Images, @SriLankaTweet)
श्रीलंका को टीम इंडिया के खिलाफ सीरीज से बुरी खबर मिली है (Photo Credit: Getty Images, @SriLankaTweet)

Dhammika Niroshana shot dead: श्रीलंका में भारत की मेजबानी की तैयारियां चल रही हैं। 27 जुलाई से श्रीलंका को टीम इंडिया के खिलाफ 3 मैच की टी20 सीरीज का आगाज करना है और फिर 2 अगस्त से 3 मैच की वनडे सीरीज खेली जाएगी। हालांकि, इससे पहले श्रीलंका से एक दुखद खबर निकलकर सामने आ रही है। श्रीलंका टीम के लिए अंडर-19 वर्ल्ड कप में कप्तानी करने वाले धम्मिका निरोशन की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। निरोशन पर एक अज्ञात ने हमला किया और उनको जान से मार दिया। हमलावर के मकसद की जानकारी और उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

धम्मिका निरोशन की हुई गोली मारकर हत्या

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अंडर-19 के पूर्व क्रिकेटर धम्मिका निरोशन उर्फ 'जोंटी' (41) की कल रात अंबलंगोडा के कांदेवत्ते इलाके में उनके आवास के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। निरोशन पर जब उनके घर के सामने हमला हुआ, तब वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ थे। हमलावर ने 12 बोर की बंदूक से इस पूर्व खिलाड़ी को गोली मार दी। पुलिस अभी तक संदिग्ध और गोलीबारी के पीछे के मकसद की पहचान नहीं कर पाई है, लेकिन जांच जारी है।

बता दें कि धम्मिका निरोशन दाएं हाथ के खिलाड़ी थे। उन्होंने साल 2000 में श्रीलंका के लिए अंडर-19 स्तर पर डेब्यू किया था और बाद में 2002 में खेले गए वर्ल्ड कप में कप्तानी भी की थी। उनकी कप्तानी में श्रीलंका ने ग्रुप स्टेज में 7 अंक के साथ सुपर लीग में जगह बनाई थी लेकिन फिर उसे ग्रुप 1 में भारत, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज से हार का सामना करना पड़ा था। इस तरह श्रीलंकाई टीम का सेमीफाइनल में जाने का सपना टूट गया था।

धम्मिका निरोशन के घरेलू क्रिकेट के आंकड़ों पर एक नजर

श्रीलंका के लिए धम्मिका निरोशन कभी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीनियर टीम के लिए नहीं खेल पाए। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में शिरकत की लेकिन वहां भी उनका करियर ज्यादा लंबा नहीं रहा। निरोशन ने 12 फर्स्ट क्लास मैच में 269 रन बनाए और 19 विकेट अपने नाम किए। वहीं, 8 लिस्ट ए मुकाबलों में 48 रन बनाए और 5 विकेट झटके।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar
App download animated image Get the free App now