IPL 2023 : सूर्यकुमार यादव ने पंजाब किंग्स के खिलाफ तेजतर्रार अर्धशतक जमाकर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया, सुरेश रैना को छोड़ा पीछे 

सूर्यकुमार यादव ने बेहतरीन पारी खेली, लेकिन मुंबई इंडियंस को पंजाब के हाथों शिकस्‍त मिली
सूर्यकुमार यादव ने बेहतरीन पारी खेली, लेकिन मुंबई इंडियंस को पंजाब के हाथों शिकस्‍त मिली

मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के स्‍टार बल्‍लेबाज सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने टी20 क्रिकेट में एक खास उपलब्धि हासिल की है। सूर्यकुमार यादव टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 6000 रन बनाने वाले भारतीय बल्‍लेबाज बन गए हैं। यादव ने शनिवार को पंजाब किंग्‍स (Punjab Kings) के खिलाफ तेजतर्रार अर्धशतक जमाया और इस दौरान यह रिकॉर्ड अपने नाम किया।

भारतीय बल्‍लेबाज पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं, लेकिन पंजाब किंग्‍स के खिलाफ अपनी लय हासिल की और शानदार पारी खेली। सूर्यकुमार यादव सबसे कम गेंदों में 6000 टी20 रन बनाने वाले भारतीय बल्‍लेबाज बने हैं।

सूर्या ने केवल 4017 गेंदों में 6000 रन का आंकड़ा पार किया। उन्‍होंने सुरेश रैना को पीछे छोड़ा। रैना ने 4295 गेंदों में 6000 रन का आंकड़ा पार किया था। इस लिस्‍ट में तीसरे स्‍थान पर केएल राहुल मौजूद हैं, जिन्‍होंने 4342 गेंदों में 6000 टी20 रन का आंकड़ा पार किया था। सीएसके के कप्‍तान एमएस धोनी 4392 गेंदों में 6000 टी20 रन का आंकड़ा पार किया था। दिनेश कार्तिक ने 4501 गेंदों में 6000 रन का आंकड़ा पार किया और वो पांचवें स्थान पर हैं।

बता दें कि 215 रन के विशाल लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही और इशान किशन दूसरे ही ओवर में अर्शदीप सिंह का शिकार होकर डगआउट लौटे। रोहित शर्मा ने उम्‍दा पारी खेली, लेकिन अर्धशतक पूरा करने से 6 रन से चूक गए। तब सूर्यकुमार यादव क्रीज पर आए और ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन के साथ 75 रन की शानदार साझेदारी की।

सूर्या ने अपना अर्धशतक 23 गेंदों में पूरा किया। यह मौजूदा सीजन में उनका सबसे तेज अर्धशतक भी रहा। अर्शदीप की गेंद पर तायडे ने मिडविकेट पर शानदार कैच पकड़कर सूर्यकुमार यादव की पारी का अंत किया। सूर्या ने 26 गेंदों में सात चौके और तीन छक्‍के की मदद से 57 रन बनाए।

इस मुकाबले में अर्शदीप सिंह ने सुर्खियां बटोरी। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 4 ओवर में 29 रन देकर चार विकेट लिए। पंजाब किंग्‍स ने वानखेड़े स्‍टेडियम पर पहले बल्‍लेबाजी करके निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 214 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 201 रन बना सकी। पंजाब किंग्‍स की यह सात मैचों में चौथी जीत रही और वो आईपीएल 2023 की प्‍वाइंट्स टेबल में पांचवें स्‍थान पर है। वहीं मुंबई इंडियंस की यह छह मैचों में तीसरी हार रही और वो प्‍वाइंट्स टेबल में सातवें स्‍थान पर है।

Quick Links

App download animated image Get the free App now