'कोहली को बॉलिंग दो...'MI vs RCB मैच में फैंस ने लगाया नारा, विराट ने दी ये जबरदस्त प्रतिक्रिया

विराट कोहली ने अपने दोनों कान पकड़ लिए (Photo Credit -  Mufaddal Vohra Twitter)
विराट कोहली ने अपने दोनों कान पकड़ लिए (Photo Credit - Mufaddal Vohra Twitter)

आईपीएल 2024 (IPL) में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (MI vs RCB) के बीच मुकाबले के दौरान फैंस ने विराट कोहली (Virat Kohli) को गेंदबाजी देने का नारा लगाया। जब सभी आरसीबी गेंदबाजों की जमकर पिटाई हो रही थी, तब फैंस ने नारा लगाया कि 'कोहली को बॉलिंग दो'। इस पर विराट कोहली ने मजेदार प्रतिक्रिया दी और अपने दोनों कान पकड़ लिए।

दरअसल मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई। मोहम्मद सिराज, रीस टोप्ली, विल जैक्स, ग्लेन मैक्सवेल और आकाश दीप जैसे गेंदबाजों के खिलाफ काफी रन बने। इसी वजह से मुंबई इंडियंस ने आसानी से 197 के टार्गेट को हासिल कर लिया।

विराट कोहली ने अपने दोनों कान पकड़ लिए

वहीं आरसीबी गेंदबाजों को पिटता देख फैंस ने नारा लगाया कि कोहली को बॉलिंग दो। इस पर विराट ने मजेदार प्रतिक्रिया देते हुए अपने दोनों कान पकड़ लिए कि वो इस पिच पर गेंदबाजी नहीं करेंगे। आप भी देखिए विराट कोहली का ये मजेदार वीडियो।

आपको बता दें कि आईपीएल 2024 के 25वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को एकतरफा 7 विकेट से हरा दिया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस ने इस टार्गेट को 15.3 ओवर में ही सिर्फ 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस तरह मुंबई इंडियंस ने सीजन की लगातार दूसरी जीत हासिल की। वहीं दूसरी तरफ आरसीबी को पांचवीं हार मिली।

मुबंई इंडियंस के लिए इस मैच में इशान किशन ने 34 गेंद पर 7 चौके और 5 छक्के की मदद से 69 रन बनाए। रोहित शर्मा ने 24 गेंद पर 38 रनों की पारी खेली। वहीं सूर्यकुमार यादव ने भी बेहतरीन कमबैक करते हुए मात्र 19 गेंद पर 5 चौके और 4 छक्के की मदद से 52 रनों की पारी खेली।

Quick Links

App download animated image Get the free App now