महाशिवरात्रि के मौके पर शिखर धवन ने खास अंदाज़ में की भगवान शिव की पूजा, सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो 

Neeraj
महाशिवरात्रि का पर्व शिखर धवन ने खास अंदाज़ में मनाया
महाशिवरात्रि का पर्व शिखर धवन ने खास अंदाज़ में मनाया

आज महाशिवरात्रि का पर्व है जो हिन्दू धर्म के लोगों के लिए काफी खास माना जाता है। इस दिन लोग भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करते हैं। इस बीच टीम इंडिया (Indian Cricket Team) के अनुभवी बल्लेबाज शिखर धवन (Shikhar Dhawan) ने भी अपने घर पर शिव जी की पूजा-अर्चना की जिसका वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिये शेयर किया है।

बता दें कि धवन इस समय भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। धवन ने भारत के लिए आखिरी मुकाबला पिछले वर्ष दिसंबर में बांग्लादेश के विरुद्ध खेला था। भले ही 37 वर्षीय यह बल्लेबाज अपने खेल के जरिये फैंस का अभी मनोरजन नहीं कर पा रहा लेकिन धवन सोशल मीडिया के जरिये अक्सर फैंस के बीच चर्चा का विषय बने रहते हैं। 18 फरवरी को महाशिवरात्रि के मौके पर धवन पूरी तरह से शिव के रंग में रंगे नजर आए। धवन ने शनिवार को जो वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है उसमें वो अपने परिवार के साथ पूरे विधि-विधान के साथ शिव की पूजा करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो को शेयर करते हुए, बाएं हाथ के बल्लेबाज ने कैप्शन में लिखा,

हर-हर महादेव।

वीडियो पर फैंस कमेंट करके धवन के इस अंदाज़ की काफी तारीफ कर रहे हैं। एक फैन ने कमेंट करते हुए लिखा, यह हमारी भारतीय संस्कृति ही है जो त्योहारों के माध्यम से हमें एक-दूसरे से जोड़े रखती है।

विराट कोहली को धवन ने बताया अपना बेस्ट फ्रेंड

गौरतलब है कि शिखर धवन उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्होंने एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा की कप्तानी में खेला है। धोनी के कप्तानी छोड़ने के बाद, कोहली को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था। हाल ही में जब एक इंटरव्यू में धवन से धोनी और कोहली की कप्तानी में खेलने के अनुभव को लेकर सवाल पूछा गया। उन्होंने कहा,

विराट कोहली की कप्तानी में मैंने कभी ईगो को आड़े नहीं आने दिया। अगर ये सोचता कि मैं सीनियर खिलाड़ी हूं। इसके अंडर खेल रहा हूं तो फिर ईगो बीच में आती। इसकी कोई जरूरत नहीं है, ऐसा बिल्कुल नहीं होना चाहिए। मेरे लिए ये सब बेमतलब की बातें हैं। इसका कोई इस्तेमाल नहीं है। विराट कोहली मेरे बेस्ट फ्रेंड हैं, मेरी और उनकी कई यादगार यादें हैं। वह टीम इंडिया में सीनियर खिलाड़ी हैं, लेकिन मैं उसके मजे लेते रहता हूं, क्योंकि हम दोनों की बॉन्डिंग शानदार है।

Quick Links

App download animated image Get the free App now