वर्ल्ड कप 2019: क्रिस मॉरिस को चोटिल एनरिक नॉर्टजे की जगह दक्षिण अफ्रीका टीम में किया गया शामिल

Ankit
Souसके

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्टजे चोटिल होकर विश्व कप से बाहर हो गए हैं, उनकी जगह क्रिस मॉरिस को टीम में शामिल किया गया है। पोर्ट एलिजाबेथ में अभ्यास के दौरान उनका दाएं हाथ का अंगूठा चोटिल हो गया, जिससे उबरने में उन्हें छह से आठ हफ्तों का समय लगेगा।

दक्षिण अफ्रीका की टीम के मैनेजर डॉ मुहम्मद मूसाजी ने बताया, "सोमवार को पोर्ट एलिजाबेथ में अभ्यास सत्र के दौरान एनरिक के अंगूठे में फ्रेक्चर हो गया। उन्हें तुरंत ही विशषज्ञ सर्जन के पास दिखाया गया। एनरिक को आठ हफ़्तों के लिए मैदान से दूर रहना पड़ेगा। इसीलिए वह आईसीसी विश्व कप के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।"

"यह बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण रहा क्योंकि उन्होंने हाल ही में अपने कंधे की चोट में सुधार करके अफ्रीकी टीम में वापसी की थी। पिछले साल से उन्हें कुछ चोटों से जूझना पड़ा है, लेकिन हम उनके व्यक्तित्व को जानते हैं। एनरिक पहले से ज्यादा मजबूती से टीम में वापसी करेंगे। हम उनकी चोट में जल्दी सुधार की आशा करते हैं।"

दायें हाथ के तेज गेंदबाज एनरिक का चोटों से गहरा नाता रहा है। चोट के कारण वह अपना पहला आईपीएल भी नहीं खेल पाये थे। प्रोटियाज गेंदबाज नॉर्टजे को कोलकाता ने उनके बेस प्राइस 20 लाख रुपयों में खरीदा था। इससे पहले भी वह चोट के कारण सुपर लीग में कुछ मैच खेल पाये थे। उन्होंने केपटाउन ब्लिट्ज की ओर से खेलते हुए 3 मैचों में 8 विकेट लिए थे। उनके शानदार प्रदर्शन से प्रभावित होकर कोलकाता नाइटराइडर्स के कोच जैक्स कैलिस ने उन्हें टीम में शामिल किया था।

वहीं दूसरी तरफ 32 वर्षीय ऑलराउंडर मॉरिस ने आखिरी बार फरवरी 2018 में दक्षिण अफ्रीका के लिए वन-डे खेला था। इसके बाद से वह टीम से बाहर हैं। हालांकि वह इस समय आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की टीम का हिस्सा हैं।

Hindi Cricket News, सभी मैच के क्रिकेट स्कोर, लाइव अपडेट, हाइलाइट्स और न्यूज स्पोर्टसकीड़ा पर पाएं।

Quick Links