युवराज सिंह ने रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटाए जाने को लेकर दी ये बड़ी प्रतिक्रिया

IPL 2023: Eliminator - Lucknow Super Giants v Mumbai Indians
IPL 2023: Eliminator - Lucknow Super Giants v Mumbai Indians

टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज युवराज सिंह (Yuvraj Singh) ने रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को मुंबई इंडियंस (MI) की कप्तानी से हटाए जाने को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि रोहित शर्मा पांच बार के आईपीएल विनर हैं और इसी वजह से उन्हें अभी कप्तानी से नहीं हटाना चाहिए था। युवराज के मुताबिक वो एक और सीजन रोहित शर्मा से कप्तानी करवाते।

रोहित शर्मा ने 11 सीजन मुंबई इंडियंस की कप्तानी की और 5 बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया था। उन्हें 2013 में मिड-सीजन के दौरान टीम का कप्तान बनाया गया था और इसके बाद से रोहित शर्मा ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और पिछले 11 सीजन के दौरान मुंबई इंडियंस को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। यही वजह है कि सीएसके के साथ मुंबई इंडियंस आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम है। रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। हार्दिक इससे पहले गुजरात टाइटंस के कप्तान थे लेकिन इस सीजन से उन्होंने मुंबई में वापसी की है।

रोहित शर्मा को कप्तान के तौर पर बरकरार रखना चाहिए था - युवराज सिंह

रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटाए जाने को लेकर काफी तीखी प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिली थीं। इस फैसले की काफी आलोचना हुई थी। वहीं युवराज सिंह के मुताबिक वो अभी भी रोहित शर्मा को कप्तान के तौर पर बरकरार रखते। उन्होंने कहा,

रोहित शर्मा कप्तान के तौर पर 5 बार आईपीएल की ट्रॉफी जीत चुके हैं। उनको कप्तानी से हटाने का फैसला काफी बड़ा था। मैं हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी को भले ही टीम में लाता लेकिन इसके बावजूद रोहित शर्मा को कप्तान के तौर पर बरकरार रखता। मैं रोहित शर्मा को एक और सीजन के लिए कप्तानी देता और हार्दिक पांड्या को उप कप्तान बनाता। इसके बाद देखता कि चीजें कैसे आगे जाती हैं। मैं समझ सकता हूं कि फ्रेंचाइज ने फ्यूचर को ध्यान में रखकर ये फैसला लिया है। लेकिन रोहित शर्मा अभी भी टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे हैं और काफी अच्छा खेल भी रहे हैं।

Quick Links