Hindi Cricket News- युवराज सिंह ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में दोहरा शतक जड़ने की क्षमता वाले 3 बल्लेबाजों के नाम बताए

 रोहित-युवराज
रोहित-युवराज

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और टी20 में सिक्सर किंग के नाम से मशहूर युवराज सिंह ने टी20 क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने की क्षमता रखने वाले तीन खिलाड़ियों के बारे में बताया है। युवराज की नजर में क्रिस गेल, एबी डीविलियर्स और रोहित शर्मा इस छोटे प्रारूप में दोहरा शतक लगाने का कारनामा कर सकते हैं। अभी तक टी20 क्रिकेट में ऐसा नहीं हुआ लेकिन युवराज को लगता है कि ये बल्लेबाज यह कर सकते हैं।

स्पोर्ट 360 के अनुसार युवराज ने कहा "दोहरा शतक जड़ना काफी मुश्किल है लेकिन मैं यह कहूँगा कि यह नामुमकिन नहीं है। आज के समय में जिस तरह क्रिकेट चल रहा है, मुझे लगता है कुछ भी असंभव नहीं है। हमें इंतजार कर श्रेष्ठ होने की उम्मीद करनी चाहिए। क्रिस गेल और एबी डीविलियर्स अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। ओह मैं भूल गया, गेल अभी खेलते हैं। मेरी नजर में ये दो खिलाड़ी दोहरा शतक जड़ सकते थे और इसमें तीसरा नाम रोहित शर्मा का है।"

यह भी पढ़ें: तीसरे वनडे के लिए न्यूजीलैंड टीम में दो नए खिलाड़ी जुड़ेंगे

गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में रोहित शर्मा के नाम चार शतक है। वे ऐसा करने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर हैं। उनके बाद न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो और ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल का नाम आता है। दोनों ने 3-3 शतक जड़े हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय में उच्चतम स्कोर का रिकॉर्ड फ़िलहाल आरोन फिंच के नाम है। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 2018 में 172 रन बनाए थे। अफगानिस्तान के हजरतुल्लाह जजई ने भी नाबाद 162 रन बनाए हैं। उन्होंने पिछले साल यह कारनामा आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में किया था।

युवराज सिंह की बातों पर गौर किया जाए तो गेल और डीविलियर्स काफी तूफानी खेल का प्रदर्शन करते हैं। रोहित शर्मा भी कुछ इसी तरह का खेल दिखाने के लिए जाने जाते हैं।

Quick Links