क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो पुर्तगाल में लौटेंगे, फ्रांस और क्रोएशिया के खिलाफ दिखाएंगे जलवा

क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो
क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो

क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो को गुरुवार को पुर्तगाल स्‍क्‍वाड में चुना गया है। क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो अब पुर्तगाल की तरफ से एंडोरा के खिलाफ दोस्‍ताना मैच और फ्रांस व क्रोएशिया के खिलाफ नेशंस लीग मुकाबलों में हिस्‍सा लेंगे। पांच बार के बैलन डी ओर विजेता क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो 13 अक्‍टूबर को कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए थे। तब वो पुर्तगाल के लिए मुकाबला नहीं खेल सके थे, जिसने स्‍वीडन को 3-0 से मात दी थी।

35 साल के क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो का 19 दिनों के बाद कोविड-19 टेस्‍ट निगेटिव आया। उन्‍होंने रविवार को स्‍पेजिया के खिलाफ युवेंटस की तरफ से खेलते हुए मैदान पर वापसी की। पुर्तगाल के कप्‍तान क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने युवेंटस की हंगरी की टीम फेरेंकवारोस के खिलाफ 4-1 में हिस्‍सा लिया था। गत यूरोपीय चैंपियंस पुर्तगाल को बुधवार को एंडोरा के खिलाफ मैच खेलना है। इसके बाद उसे 14 और 17 नवंबर को फ्रांस व क्रोएशिया के खिलाफ नेशंस लीग मुकाबले खेलने हैं।

क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो के लिए चौकन्‍ना था युवेंटस

क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो कोविड-19 निगेटिव आए हैं, इसकी सबसे पहले जानकारी युवेंटस क्‍लब ने दी थी। इटालियन चैंपियंस ने अपने बयान में कहा, 'क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो का कोविड-19 के लिए टेस्‍ट किया गया। इस परीक्षण में नतीजा निगेटिव आया है। क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो 19 दिनों के बाद ठीक हो चुके हैं और उन्‍हें घर में एकांतवास रहने की जरूरत नहीं है।'

क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो सबसे पहले 13 अक्‍टूबर को पुर्तगाल के लिए नेशंस लीग कप के मैच के बाद कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो इटली लौटे और अपने घर में स्‍वंय एकांतवास में रहे।

क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो के बारे में पूर्व युवेंटस डिफेंडर पासकेल ब्रूनो ने सनसनीखेज खुलासा करके फुटबॉल जगत को हैरान कर दिया। ब्रूनो ने कहा कि रियल मैड्रिड और मैनचेस्‍टर यूनाइटेड के पूर्व सुपरस्‍टार अपनी टीम के साथियों और इटली के लोगों को काफी नजरअंदाज करते हैं और उनकी कद्र नहीं करते। ब्रूनो ने कहा, 'वो नजरअंदाज करता है। क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो दो साल से इटली में है और उसने अब तक हमारी भाषा नहीं सीखी है। वह अपने आप को अभिव्‍यक्‍त करने के लिए स्‍पेनिश भाषा का प्रयोग करता है। क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने कभी इटली के लोगों या अपनी टीम के साथियों की इज्‍जत नहीं की।'

ब्रूनो ने जहां रोनाल्‍डो की आलोचना की, वहीं जुआन कुआड्राडो ने युवेंटस के फॉरवर्ड की जमकर तारीफ की। उन्‍होंने कहा, 'क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो हमारे लिए अतिरिक्‍त हथियार है। हम सभी जानते हैं कि वो टीम को क्‍या दे सकते हैं। वो विश्‍वास से भरे हुए हैं और इससे उन्‍हें पेशवर जिंदगी में भी मदद मिलती है।'