पार्क डेस प्रिंसेस स्टेडियम में बुधवार को खेला गया मैच काफी रोमांचक रहा। रोमानिया के लिए बोगडान स्टानुक ने 18वें मिनट में गोल किया। वहीं, स्विट्जरलैंड के लिए एडमिर मेहमेदी ने 57वें मिनट में गोल किया।
इस मैच के बाद स्विट्जरलैंड की टीम ग्रुप-ए में अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर आ गई है। रोमानिया की टीम एक अंक के साथ तीसरे स्थान पर है।
रोमानिया ने अपने पहले मैच में फ्रांस के खिलाफ शानदार खेल का प्रदर्शन किया था। इस मैच में उसका वही प्रदर्शन जारी रहा।
हालांकि स्विट्जरलैंड की टीम पूरे मैच में हावी रही। रोमानिया को कई बार गोल रोकने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी।
मैच का पहला गोल रोमानिया ने 18वें मिनट में किया। स्टेफान लिकस्टेनर ने एलेक्जेंड्रे चिपसियु को जर्सी पकड़ कर रोकने की कोशिश की, जिसके कारण रैफरी ने रोमानिया को पेनाल्टी दी और टीम के खिलाड़ी स्टांकु ने इस पेनाल्टी को गोल में बदल कर रोमानिया को 1-0 से आगे कर दिया।
एक गोल से पीछे चल रही स्विट्जरलैंड की टीम ने इसके बाद भी गेंद ज्यादा मौकों पर अपने पास रखी, लेकिन पहले हाफ में वह गोल नहीं कर पाई।
दूसरे हाफ में अंतत: मेहमेदी ने स्विट्जरलैंड को बराबरी करा दी। 57वें मिनट में टीम को कॉर्नर मिला मेहमदी के पास गेंद आई और उन्होंने जगह बनाते हुए गेंद को गोल पोस्ट में डाल स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
वहीं देर रात खेले गए एक और मुकाबले में फ्रांस ने अल्बेनिया को 2-0 से हराया। एंटोइने ग्रिजमैन और दिमित्रि पायेट ने अंतिम समय पर गोल कर फ्रांस को जीत दिलाई।
68वें मिनट में मैदान पर उतरे ग्रिजमैन ने 90वें मिनट में पहला गोल किया। आदिल रामी ने गेंद अपने कब्जे में ली और ग्रिजमैन को क्रॉस पास दिया, जिसे उन्होंने शानदार हैडर खेल गोलपोस्ट में डाल टीम को बढ़त दिलाई।
इंजुरी समय में फ्रांस ने अपने खाते में दूसरा गोल दर्ज किया। पायेट ने गिकनेक के पास पर अल्बानिया के दो खिलाड़ियों को छकाते हुए गेंद को गोलपोस्ट के कोने में फेंक टीम को 2-0 से आगे कर जीत पक्की की।
अपने पहले मैच में स्विट्जलैंड के हाथों हार झेल चुकी अल्बानिया को अगर अगले दौर में क्वालीफाई करने की दौड़ में बने रहना है तो उसे रविवार को रोमानिया के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी।
Published 16 Jun 2016, 13:40 IST