FIFA World Cup 2018: मेजबान रूस की धमाकेदार शुरुआत, पहले मुकाबले में सऊदी अरब को 5-0 से हराया

मॉस्को में खेले गए फीफा विश्व कप 2018 के ग्रुप ए के पहले मुकाबले में मेजबान रूस ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए सऊदी अरब को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हरा दिया। रूस की तरफ से मैन ऑफ़ द मैच डेनिस चेरीसेव ने सबसे ज्यादा दो गोल किये। रूस के जबरदस्त आक्रमण का सऊदी अरब के पास कोई जवाब नहीं था और उन्हें एक करारी हार का सामना करना पड़ा। रूस ने मैच के 12वें मिनट में ही गोल करके बढ़त हासिल कर ली। युरी गैज़िन्सकी ने टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हाफ टाइम से पहले डेनिस चेरीसेव ने 43वें मिनट में टीम का दूसरा गोल किया और पहले हाफ के बाद मेजबान टीम 2-0 से आगे थी। दूसरे हाफ में सऊदी अरब ने कुछ देर तो रुसी आक्रमण को शांत रखा, लेकिन 71वें मिनट में आर्टेम द्ज्युबा ने गोल करके टीम को 3-0 से आगे कर दिया। 90 मिनट के बाद अतिरिक्त समय में रूस ने दो और गोल करके मुकाबले को 5-0 से अपने कब्ज़े में किया। 91वें मिनट में डेनिस चेरीसेव और 94वें मिनट में एलेक्जैंडर गोलोविन ने गोल किया। जीत की बदौलत रूस को 3 अंक मिले और राउंड ऑफ़ 16 में उनके जाने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। कल ग्रुप ए में मिस्र का सामना उरुग्वे से, ग्रुप बी में मोरक्को का सामना ईरान से और पुर्तगाल का सामना स्पेन से होगा।

youtube-cover

Edited by Staff Editor