वर्ल्ड कप 2018: रोनाल्डो के रिकॉर्ड गोल से पुर्तगाल ने मोरक्को को 1-0 से हराया, उरुग्वे अंतिम 16 में पहुंचा

फीफा विश्व कप में बुधवार को मोरक्को के खिलाफ मुकाबले में कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो के चौथे मिनट में हेडर से किए गए गोल की बदौलत पुर्तगाल ने 1-0 से जीत दर्ज की। ग्रुप बी के इस मैच में मोरक्को के हार का मतलब है कि वह नॉकआउट चरण से लगभग बाहर हो गया है। उसे ग्रुप बी में खेले गए पहले मैच में ईरान ने हराया था। रोनाल्डो पहले मैच में भी हैट्रिक गोल दाग कर हीरो बने थे। इस मैच के चौथे मिनट में बनार्डो सिल्वा ने कॉर्नर से शॉट लगाया जिसे रोनाल्डो ने बेहतरीन हेडर के सहारे मोरक्को के गोल पोस्ट में भेजने में कोई गलती नहीं की। इस गोल के साथ ही वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे अधिक गोल दागने वाले यूरोपीय खिलाड़ी बनें। उनके नाम अब कुल 85 गोल दर्ज हैं। उनसे आगे ईरान के अल्देई हैं जिन्होंने 109 गोल किया है। यही नहीं विश्व कप में चार गोल दागने वाले रोनाल्डो दूसरे पुर्तगाली बन गए हैं। उनसे पहले 1966 में युसेबियो ने नौ गोल दागे थे। पिछले मैच में स्पेन के खिलाफ रोनाल्डो ने तीन गोल किए थे। इस मैच में मोरक्को का डिफेंस कमजोर नजर आया। साथ ही उसने गोल के कई मौके भी गंवाएं। पुर्तगाल के सामने संघर्ष कर रही मोरक्को की टीम को मैच के 10वें मिनट में ही कॉनर मिला, लेकिन उनके खिलाड़ी पुर्तगाली गोलकीपर रूइ पेट्रिको को भेदने में नाकाम रहे। मोरक्को को दस मिनट के भीतर तीन बार कॉर्नर से गोल दागने का अवसर मिला लेकिन वे तीनों बार असफल रहे। 30वें मिनट में रोनाल्डो को फ्री किक पर गोल दागने का मौका मिला लेकिन मोरक्को ने इसे असफल कर दिया। पहले हाफ के समापन तक पुर्तगाल 1-0 की बढ़त बनाए हुए था। दूसरे हाफ की शुरुआत में मोरक्को आक्रमक दिख रही थी और दो मिनट के भीतर ही उसने गोल के लिए दो शॉट दागे लेकिन इस बार भी पेट्रिक ने शानदार बचाव किया। मोरक्को को 78वें और 79वें मिनट में फ्री किक के सहारे गोल का मौका मिला लेकिन वे फिर नाकाम रहे। अंत मे यह मैच 1-0 से पुर्तगाल के नाम रहा। अब मोरक्को को अपना आखिरी लीग मैच स्पेन से खेलना है, वहीं पुर्तागाल को नॉकआउट के लिए ईरान से भिड़ना है।

youtube-cover
सुआरेज के गोल से सऊदी अरब को 1-0 से हराकर उरुग्वे अंतिम 16 में पहुंचा

स्टार स्ट्राइकर लुई सुआरेज के गोल की मदद से उरुग्वे ने सऊदी अरब को 1-0 से हराकर फीफा विश्व कप 2018 के अंतिम 16 में जगह बनाई। सुआरेज के लिए यह गोल खास था क्योंकि वे अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे थे। उरुग्वे की यह लगातार दूसरी जीत है। उसने पहले मैच में मिस्र को हराया था। उरुग्वे की इस जीत से मेजबान रूस का भी अंतिम 16 में खेलना तय हो गया। इन दोनों टीमों के पास 6-6 अंक हैं। सुआरेज ने मैच के 23वें मिनट में शानदार और निर्णायक गोल दागा। इससे सऊदी की टीम दबाव में आ गई और आगे अपने आक्रमण को बरकरार नहीं रख पाई। रोस्तोव एरिना में खेले गए इस मैच में सुआरेज ने कार्लोस सांचेज के कॉर्नर पर यह गोल दागा। अब सुआरेज के 100 मैचों में 52 गोल हो गए हैं। वह तीन विश्व कप में गोल करने वाले उरुग्वे के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। सऊदी के सामने उरुग्वे का डिफेंस काफी मजबूत लग रहा था। उसने मैदान के मध्य क्षेत्र में गेंद पर कब्जा जमाने में उरुग्वे को पीछे छोड़ा लेकिन गोल पर शॉट के मामले में उनके स्ट्राइकर फेल हुए। दूसरे हाफ के शुरू में कोई टीम एक दूसरे को चुनौती देती नहीं दिखी। उरुग्वे अब 25 जून को लीग चरण के अपने आखिरी मैच में रूस से भिड़ेगा। इस मुकाबले से ग्रुप ए से शीर्ष पर रहने वाली टीम का निर्धारण होगा।

youtube-cover
स्पेन के लिए कोस्टा का शानदार प्रदर्शन, ईरान को 1-0 से दी शिकस्त

डिएगो कोस्टा के 54वें मिनट में किए गए गोल की मदद से जीत को बेताब स्पेन ने ईरान को 1-0 से हराया। ग्रुप बी के इस मुकाबले में कोस्टा ने स्पेन के लिए उम्दा प्रदर्शन किया। विश्व कप में यह उनका तीसरा गोल था। पहले हाफ में दोनों टीमें गोलरहित रहीं। स्पेन ने गोल करने की कई कोशिशें कीं लेकिन वे ईरान के डिफेंस को तोड़ने में नाकाम रहे। दूसरे हाफ के कुछ देर बाद ही कोस्टा ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके कुछ देर बाद ईरान की तरफ से सैयद एजतोलाही ने भी गोल दागा लेकिन इसे वीडियो असिस्टेंट रैफरी के द्वारा खारिज कर दिया गया। यह विश्व कप के इतिहास में पहली बार हो रहा था जब वाएआर की मदद से रेफरी ने मैदानी रेफरी के फैसले को पलट दिया। दरअसल, ऑफसाइड होने की वजब से इस गोल को खारिज कर दिया गया। ईरान ने दूसरे हाफ में भी कई कोशिशे की लेकिन वे नाकाम रहे। दूसरी तरफ स्पेन ने डिफेंस के साथ आक्रमण दिखाया और जीत अपनी झोली में डाल ली। स्पेन की यह पहली जीत है। अपने पहले मुकाबले में उसे पुर्तगाल ने 3-3 की ड्रॉ पर रोका था। वहीं दूसरी तरफ ईरान ने मोरक्को को 1-0 से हराकर विजयी आगाज किया था।

youtube-cover

Edited by Staff Editor