ISL 2018-19 : रोमांचक मुकाबले में जमशेदपुर ने मुंबई सिटी को 2-0 से हराया

<p>

इंडियन सुपर लीग 2018 में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में जमशेदपुर एफसी ने मुंबई सिटी एफसी को 2-0 से करारी शिकस्त दी। मुंबई फुटबॉल ऐरेना में हुए इस मैच में जमशेदपुर एफसी के खिलाड़ी शुरू से ही हावी रहे। मैच के पहले हाफ में जमशेदपुर के मारियो आर्किस ने हेडर के सहारे टीम के लिए 28वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद इंजुरी टाइम में पैब्लो मोर्गाडो ने एक और गोल कर टीम को 2-0 से आगे कर दिया। यही गोल निर्णायक साबित हुआ। यह आईएसएल में मुंबई पर जमशेदपुर की लगातार दूसरी जीत है। बीते सीजन में भी उसने मुंबई को 2-1 से हराया था।

मुंबई के लिए दिन खराब रहा। इस रोमांचक मुकाबले के दौरान उसने बराबरी के दो गोल दागे लेकिन उसे ऑफ साइड करार दे दिया गया। इससे जमशेदपुर ने मुंबई पर अपना अजेय अभियान जारी रखा। मैच के शुरुआती मिनटों में दोनों टीमों ने कुछ प्रयास किए लेकिन इसमें से किसी में कोई दम नहीं था। मैच के 22वें मिनट में मुंबई को पहला कॉर्नर मिला। इस पर लाउसो ने किक लिया। इससे गेंद लुसियान गोइयान के पास गई। लुसियान ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाने की कोशिश की लेकिन वह वाइड चली गई।

अभी मैच धीरे-धीरे आगे बढ रहा था कि ब्लास्को ने काल्वो सोराडो से बॉक्स में मिले शानदार पास पर हेडर के सहारे गोल किया और मैच को पूरी तरह बदल दिया। इसके बाद मुंबई ने भी हमले तेज कर दिए। हालांकि वो कोई गोल नहीं दाग पाए। मैच के 33वें मिनट में मुंबई के मार्को क्लीसुरा ने हेडर के सहारे गोल करने की कोशिश की लेकिन जमशेदपुर के गोलकीपर ने उनके हमले को रोक दिया। मुंबई ने 36वें मिनट में गोल का एक और प्रयास किया लेकिन फिर नाकाम रहे।

पहला हाफ जमशेदपुर ने 1-0 की बढ़त के साथ खत्म किया। दूसरे हाफ के शुरुआत में ही जमशेदपुर के टिरी ने हेडर से गोल करने का प्रयास किया लेकिन वह टीम की बढ़त को दोगुना करने में नाकाम रहे। उसके लिए पहला गोल दागने वाले ब्लास्को को पीला कार्ड दिखाया गया। मैच के 52वें मिनट में गोल का एक और मौका बना था लेकिन जमशेदपुर के गोलकीपर ने चतुराई से इसे रोक दिया।

मैच के 71वें मिनट में मुंबई के पास गोल करने का शानदार और सबसे अच्छा मौका था। लुसियान ने गेंद को जमशेदपुर के डिफेंस से बचाते हुए मोडोउ को दी। मोडोउ सोगोउ ने गेंद प्रांजल को दी और गेंद के साथ आगे बढ़े। मौका पाते ही उन्होंने इसे गोलपोस्ट की तरफ खेल दिया लेकिन इस बीच युमनाज राजू ने गेंद को ब्लॉक किया और मुंबई स्कोर बराबर करने में फिर विफल हो गई।

मेजबान मुंबई की किस्मत काफी खराब रही। अगले पांच मिनट के भीतर ही मोहम्मद रफीक ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया लेकिन ऐन वक्त पर रेफरी ने इसे ऑफ साइड करार दे दिया। मैच के 84वें मिनट में एक बार फिर वहीं नजारा देखने को मिला। मुंबई के सोगोउ ने गोल दागा लेकिन रेफरी ने उन्हें ऑफ साइड करार दे दिया। मैच में दो गोल के ऑफ साइड करार दिए जाने के बाद दर्शक भी शायद यह मान चुके थे कि अब जीत-हार का फैसला 1-0 से होगा। हालांकि 95वें मिनट में सर्गियो फर्नादेज ने गोल दाग कर अपनी टीम को 2-0 की शानदार जीत दिलाई।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता