मुंबई सिटी ने चेन्नइयन को 2-0 से हराया

Enter caption
Enter caption

आईएसएल के पांचवें सीजन में मेजबान मुंबई सिटी एफसी ने गुरुवार को मौजूदा विजेता चेन्नइयन एफसी को 2-0 से हरा दिया। मुंबई इस मैच को मिलाकर छह मैचों से अजेय है। इसमें से पांच में उसे जीत मिली है। इस जीत से मेजबान टीम अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।

मुंबई की यह 10 मैचों में छठी जीत है। उसके हिस्से अभी तक दो ड्रॉ और दो हार आए हैं। इस मैच से मिले तीन अंकों के साथ उसके 20 अंक हो गए हैं। उसने नॉर्थईस्ट युनाइटेड को दूसरे स्थान से हटा दिया है। वहीं मौजूदा विजेता पांच अंकों के साथ आठवें स्थान पर ही बना हुआ है।

मैच के शुरुआत में ही मेजबान टीम के लिए लूसियान गोइयान ने छठे मिनट में अच्छा मूव बनाया। चेन्नइयन के डिफेंडरों के खराब क्लीयरेंस पर गोइयान ने वॉली के जरिए गोल करना चाहा। चेन्नइयन के गोलकीपर संजीवन घोष को वह छकाने में सफल हुए, लेकिन गेंद क्रॉसबार के ऊपर से निकल गई। 16वें मिनट में मुंबई के अर्नाल्ड इसोको ने लंबी दौड़ के बाद एक जोरदार किक चेन्नइयन के गोलपोस्ट की ओर रवाना की, लेकिन वह भी क्रॉसबार के ऊपर से निकल गई।

इस बीच मुंबई की टीम अधिक मौके बना रही थी लेकिन मैदान पर कुछ बड़ा होता नहीं दिख रहा था। 27वें मिनट में गोल करते हुए रेनियर फर्नांडिस ने मुंबई को 1-0 से आगे कर दिया। रेनियर ने यह गोल राफेल बास्तोस के पास पर किया।

मुंबई की टीम ने 32वें मिनट में भी एक सटीक मूव बनाया। गोलकीपर अमरिंदर ने तेजी से डाइव करते हुए उसे रोक दिया। चेन्नइयन की टीम ने पहला गोल खाने के बाद अपने खेल में सुधार किया। इंजुरी टाइम में राफेल अगस्तो ने एक बेहतरीन मूव बनाया बनाया लेकिन थोई सिंह ने उसे जाया कर दिया।

दो मिनट के स्टॉपेज टाइम में मुंबई के सहनाज सिंह को पीला कार्ड दिखाया गया। अंतिम मिनट में मोडोउ सोउगोउ मुंबई को 2-0 की बढ़त दिलाने के काफी करीब पहुंचे थे। मेल्सन आल्वेस के खराब डिफेंस पर उन्होंने चेन्नइयन के गोलपोस्ट को निशाना साधकर अच्छा शॉट खेला लेकिन गेंद क्रॉसबार से टकराकर बाहर चली गई।

दूसरे हाफ में मुंबई अपनी बढ़त को दोगुना करने में सफल रही। उसके लिए यह गोल 55वें मिनट में साउगोउ ने ही किया। चेन्नइयन ने 62वें मिनट में बदलाव किया और इनइगो काल्डेरोन के स्थान पर आंद्रे ओरलांडी को मैदान पर बुलाया। मुंबई ने एक मिनट के अंदर दो बदलाव किए। 70वें मिनट में राफेल को पीला कार्ड दिखाया गया।

79वें मिनट में चेन्नइयन के पास गोल करने का एक अच्छा मौका था। इसाक वानमालस्वामा ने ओरलांडी को पास दिया जिन्होंने समय लेते हुए गोलपोस्ट पर निशाना लगाया। मुंबई के गोलकीपर ने शानदार डाइव मार चेन्नइनय के प्रयास को विफल कर उसे गोल का खाता नहीं खोलने दिया।

Quick Links