Intercontinetal Cup 2018: भारत ने केन्या को 3-0 से हराया, सुनील छेत्री के 100 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे

मुंबई के अँधेरी स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इंटरकॉन्टिनेंटल कप के तीसरे मैच में भारतीय फुटबॉल टीम ने कप्तान सुनील छेत्री के दो गोल की बदौलत केन्या को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हरा दिया। सुनील छेत्री के अलावा भारत के लिए जेजे लालपेख्लुआ ने भी एक गोल किया। भारत की यह इस टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत है। सुनील छेत्री ने आज के मैच के साथ भारत के लिए अपने 100 अंतरराष्ट्रीय मैच भी पूरे किये और बाइचुंग भूटिया (104) के बाद ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बने। भारत के लिए आज के मुकाबले में पहला गोल सुनील छेत्री ने पेनल्टी की मदद से 68वें मिनट में किया। इसके बाद 71वें मिनट में जेजे लालपेख्लुआ ने मैच का दूसरा गोल किया। हाफ टाइम के समय दोनों टीमें 0-0 से बराबर थी लेकिन दूसरे हाफ में मेजबानों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। 90 मिनट में बाद खेले गए अतिरिक्त समय में कप्तान सुनील छेत्री ने 91वें मिनट में एक और गोल करके भारत को 3-0 की विजयी बढ़त दिला दी। सुनील छेत्री (61) ने अपने दो गोल के साथ मौजूदा फुटबॉल खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में डेविड विला (59) को पीछे छोड़ा और उनका अगला निशाना लियोनेल मेसी (64) होंगे। भारत का अगला मैच 7 जून को न्यूजीलैंड के खिलाफ होगा। पहले मुकाबले में भारत ने चीनी तायपेई को 5-0 से और दूसरे मुकाबले में केन्या ने न्यूजीलैंड को 2-1 से हराया था। टूर्नामेंट का फाइनल 10 जून को खेला जाएगा।

Edited by Staff Editor
App download animated image Get the free App now