ISL 2017-18: एफसी पुणे सिटी ने जमशेदपुर एफसी को 2-1 से हराया

Rahul

इंडियन सुपर लीग में आज एफसी पुणे सिटी और जमशेदपुर एफसी के बीच मुकाबला खेला गया। पुणे के श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले को घरेलू टीम पुणे ने 2-1 से अपने नाम किया। इस जीत के साथ एफसी पुणे सिटी अंक तालिका पर पहले स्थान पर आगया है और हार के बावजूद जमशेदपुर अभी भी 5वें स्थान पर काबिज है। मैच के पहले हाफ में मेहमान टीम जमशेदपुर ने पुणे पर शिकंजा कसना शुरू किया और 29वें मिनट में पहला गोल किया। यह गोल वेलिंगटन प्रीयोरी ने जमशेदपुर की तरफ से कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ की समाप्ति पर मेजबान पुणे 1-0 से पीछे रहा। पहले हाफ में 1-0 से पिछड़ने के बाद पुणे ने मुकाबले में शानदार वापसी की और मैच के 62वें मिनट में पहला गोल कर स्कोर को 1-1 से बराबर किया। पुणे की तरफ से यह गोल गुरतेज सिंह ने किया। पहला गोल करने के तुरंत 4 मिनट बाद पुणे ने 66वें मिनट में दूसरा गोल कर जमशेदपुर के खिलाफ 2-1 की मजबूत बढ़त बना ली। पुणे के लिए मैच का दूसरा गोल एमिलियानो एल्फैरो ने किया। दूसरे हाफ की समाप्ति के बाद मैच में 5 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया लेकिन मेजबान पुणे टीम ने अपना दबदबा कायम रखा और मैच को 2-1 से अपने नाम किया।