ISL 2017-18: जमशेदपुर एफसी और मुंबई सिटी एफसी के बीच मुकाबला 2-2 से टाई रहा

Rahul

इंडियन सुपर लीग में आज खेले गए मुकाबले में जमशेदपुर एफसी और मुंबई सिटी एफसी आमने सामने थी। जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में खेला गया यह मुकाबला घरेलू टीम जमशेदपुर व मुंबई के बीच 2-2 से बराबर रहा। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों में बराबर की टक्कर देखने को मिली। पहले हाफ के 24वें मिनट में मेहमान टीम मुंबई की तरफ से थिआगो सैंटोस ने पहला गोल किया और जमशेदपुर के खिलाफ 1-0 की बढ़त हासिल की। पहले हाफ की समाप्ति से पहले जमशेदपुर ने वापसी करते हुए 43वें मिनट में इजु अजुका के गोल की मदद से स्कोर को 1-1 से बराबर किया। मैच के हाफ टाइम तक दोनों टीमें 1-1 से बराबर रही। दूसरे हाफ के शुरू होते ही जमशेदपुर ने मुंबई के खिलाफ 45वें मिनट में गोल दाग दिया। यह गोल भी इजु अजुका ने किया और मेजबान टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। उसके बाद मुंबई ने इस मैच में वापसी के अनेक प्रयास किये लेकिन उन्हें कामयाबी मैच के 71वें मिनट में हासिल हुई। जब थिआगो सैंटोस ने मुंबई की तरफ से मैच का दूसरा गोल किया और स्कोर को एक बार फिर से 2-2 से बराबर कर दिया। मैच खत्म होने तक दोनों टीमों में गोल करने की जद्दोजहद लगी रही लेकिन किसी भी टीम के द्वारा विजयी गोल नहीं हुआ और मैच 2-2 से टाई रहा। इस मैच के टाई होने का फायदा मुंबई सिटी एफसी को अंक तालिका में हुआ। मुंबई अंक तालिका में चौथे स्थान पर आ गई है और जमशेदपुर अभी भी छठे स्थान पर बरक़रार है।