ISL 2018-19: जमशेदपुर ने बेंगलुरु को 2-2 की बराबरी पर रोका

Enter caption
Enter caption

आईएसएल में रविवार को बेंगलुरु एफसी और जमशेदपुर एफसी के बीच हुआ मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। बेंगलुरु के कांतीरेवा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दोनों टीमों के बीच शानदार टक्कर देखने को मिली। मैच के 45वें मिनट में बेंगलुरु के लिए निशू कुमार ने शानदार गोल किया। दूसरे हाफ के 80वें मिनट में जमशेदपुर की ओर से गौरव मुखी ने गोल दागा। इसके कुछ वक्त बाद ही बेंगलुरु के कप्तान सुनील छेत्री ने गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। हालांकि इंजुरी टाइम में सर्गियो किडोंजा ने गोल दाग कर मैच को बराबरी पर ला दिया।

दोनों टीमों ने मैच की शुरुआत आक्रमक तरीके से की। मैच के शुरुआती मिनटों ने दोनों टीमों ने गोल करने के कुछ शानदार मौके बनाए लेकिन उसे गोल में नहीं बदल पाए। इस बीच पहले हाफ के 40वें मिनट में बेंगलुरु के कप्तान और भारत के स्टार फुटबॉलर सुनील छेत्री को फाउल करने के लिए जमशेदपुर के डिफेंडर युमनाज राजू को पीला कार्ड दिखाया गया।

मैच के 43वें मिनट में बेंगलुरु के पास गोल दागने का बेहतरीन मौका था। गेंद कप्तान सुनील छेत्री के पास थी, हालांकि वे मौके का फायदा नहीं उठा पाए और गोल करने में नाकाम रहे। हालांकि बेंगलुरु को गोल के लिए अधिक इंतजार नहीं करना पड़ा और पहले हाफ का खेल समाप्त होने से ठीक पहले उनके खाते में एक गोल जुड़ गया। बेंगलुरु के लिए निशू ने शानदार स्ट्राइक से गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया।

दूसरे हाफ के खेल में भी दोनों टीमें एक दूसरे को मात देने में लगी थी। मैच के 50वें मिनट में बेंगलुरु के पास गोल करने का एक मौका था। लेकिन जमशेदपुर के खिलाड़ियों ने इसे नाकाम कर दिया। इस बीच जमशेदपुर ने राजू गायकवाड़ को बाहर कर मोहम्मद रहमान को मौदान पर बुलाया। मैच के 58वें मिनट में जमशेदपुर के खिलाड़ी गोल के लिए आगे बढ़े लेकिन बेंगलुरु के गोलकीपर ने उनके शॉट को रोक लिया।

फुलटाइम होने में अब केवल दस मिनट का समय बचा था। मैच के 81वें मिनट में जमशेदपुर के गौरव मुखी ने गोल कर अपनी टीम को बराबरी दिला दी। इसके बाद तो दो गोल दनादन हो गए। 88वें मिनट में बेंगलुरु के लिए उसके कप्तान छेत्री ने शानदार हेडर के सहारे गोल किया और टीम को 2-1 से आगे कर दिया। हालांकि ये बढ़त भी ज्यादा देर नहीं टिकी। इंजुरी टाइम के दौरान 94वें मिनट में जमशेदपुर की तरफ से किडोंचा ने गोल दाग कर टीम को बराबरी पर ला दिया।

Quick Links

Edited by संदीप भूषण