इंडियन सुपर लीग - आखिरी मिनट के गोल से जमशेदपुर ने मुंबई को दी मात

ग्रेग स्टुअर्ट ने जमशेदपुर के लिए शुरुआती और निर्णायक गोल कर जीत दिलाई।
ग्रेग स्टुअर्ट ने जमशेदपुर के लिए शुरुआती और निर्णायक गोल कर जीत दिलाई।

ग्रेग स्टुअर्ट के 94वें मिनट के गोल की मदद से जमशेदपुर एफसी ने धमाकेदार मुकाबले में गत चैंपियन मुंबई को 3-2 से मात देते हुए इंडियन सुपर लीग में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। एक्सट्रा टाइम में जमशेदपुर को मिली पेनेल्टी को स्टुअर्ट ने गोल में बदला और टीम को पूरे 3 अंक दिला दिए। गत विजेता मुंबई के लिए आखिरी मिनटों में मैच गंवाना निराशाजनक रहा।

कप्तान पीटर हार्टली की अगुवाई में खेल रही जमशेदपुर ने मैच की शुरुआत से ही अपना हमला तेज कर दिया। 9वें मिनट में स्ट्राइकर ग्रेग स्टुअर्ट ने रित्विक दास की मदद से गोल कर जमशेदपुर को 1-0 से आगे कर दिया। जमशेदपुर का अटैक जारी रहा और 30वें मिनट में रित्विक दास ने गोल कर टीम को 2-0 से आगे कर दिया। मुंबई की टीम का डिफेंस डगमगाता हुआ दिखा। पहले हाफ में कोई गोल नहीं करने वाली मुंबई के लिए दूसरे हाफ में 57वें मिनट में आइगर एंगुलो ने गोल पोस्ट की तरफ शॉट मारा लेकिन जमशेदपुर के गोलकीपर रेहेनेश ने इसे डिफ्लेक्ट कर दिया, लेकिन राहुल भेके ने मौका देखते हुए गोल दाग दिया।

इसके बाद मुंबई को 69वें मिनट में पेनेल्टी से गोल का मौका मिला लेकिन आइगर एंगुलो के प्रयास को गोलकीपर रेहेनेश ने शानदार तरीके से ब्लॉक कर दिया। 86वें मिनट में जमशेदपुर के कप्तान हार्टली की गलती की वजह से मुंबई को एक और पेनेल्टी मिली। इस बार डिएगो मोरिसियो ने इसे गोल में बदल कर मैच 2-2 से बराबर कर दिया। उम्मीद थी कि ये मैच का फाइनल स्कोर होगा। लेकिन जमशेदपुर ने आखिरी मिनटों में खेल को तेज किया। मुंबई के महताब सिंह का हाथ फुटबॉल पर लगा और जमशेदपुर को पेनेल्टी मिली। ग्रेग स्टुअर्ट ने कोई गलती नहीं की और गोल करते हुए मैच 3-2 से जमशेदपुर के नाम कर दिया।

इस जीत के साथ ही जमशेदपुर अंक तालिका में तीसरे नंबर पर आ गई है जबकि मुंबई पांचवे नंबर पर बनी हुई है। जमशेदपुर के 15 मैचों में 8 जीत के साथ 28 अंक हैं तो मुंबई के पास 16 मैचों में 25 अंक हैं। फिलहाल टूर्नामेंट में करीब 8 टीमों के पास प्लेऑफ में जगह बनाने का मौका है और क्योंकि दूसरा लेग समाप्ति की ओर है, ऐसे में सभी टीमें हर मैच जीतकर पूरे 3 अंक जुटाना चाहेंगी।

बेंगलुरु का खेल खराब करेगी नॉर्थईस्ट ?

लीग के 94वें मैच में आज बेंगलुरु का सामना नॉर्थईस्ट से होगा। आखिरी स्थान पर काबिज नॉर्थईस्ट की टीम पहले ही टूर्नामेंट के प्लेऑफ से बाहर हो चुकी है, लेकिन बेंगलुरु का प्लेऑफ में पहुंचने का सपना ये टीम तोड़ सकती है। 16 मैचों में 23 अंक लेकर फिलहाल बेंगलुरु छठे नंबर पर है और प्लेऑफ में जाने के लिए टीम को बचे चारों मैच जीतने होंंगे। ऐसे में नॉर्थईस्ट की टीम ड्रॉ या जीत के साथ मुकाबला बेंगलुरु के लिए खराब कर सकती है। अपने पिछले मैच में बेंगलुरु को हैदराबाद ने 2-1 से हराया था तो नॉर्थईस्ट मोहन बगान के हाथों हारी थी। पहले लेग के मैच में बेंगलुरु ने नॉर्थईस्ट को 4-2 से मात दी थी।

Quick Links

Edited by निशांत द्रविड़
App download animated image Get the free App now