मनीषा कल्याण - UEFA चैंपियंस लीग में खेलेगी ये भारतीय फुटबॉलर

20 साल की मनीषा ने दो साल के लिए साइप्रस के क्लब के साथ करार किया है।
20 साल की मनीषा ने दो साल के लिए साइप्रस के क्लब के साथ करार किया है।

20 साल की मनीषा कल्याण जल्द ही इतिहास के पन्नों में दर्ज होने वाली हैं। गोकुलम केरला क्लब की महिला टीम के लिए खेलने वाली कल्याण ने साइप्रस के अपोलन लेडीज क्लब के साथ कारार किया है और ये टीम अगस्त में महिलाओं की UEFA चैंपियंस लीग के क्वालीफाइंग राउंड में खेलेगी। ऐसे में मनीषा चैंपियंस लीग में खेलने वाली भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगी।

मनीषा ने साल 2018 में गोकुलम केरला को ज्वाइन किया और इंडियन विमेंस लीग के तीन संस्करणों में क्लब की ओर से खेलने उतरी। गोकुलम ने लगातार दो सीजन 2019-20, 2021-22 में ये खिताब अपने नाम किया। 2021-22 के सीजन में मनीषा ने क्लब के लिए सबसे ज्यादा गोल दागे थे और उन्हें इस वजह से लीग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।

भारतीय राष्ट्रीय महिला टीम में बतौर फॉरवर्ड शामिल मनीषा मूल रूप से पंजाब की रहने वाली हैं और उनकी टैकल की क्षमता काफी बेहतरीन है। मनीषा बचपन से ही खेल की शौकीन रहीं और ऐथलेटिक्स में रुचि रखती थीं। 13 साल की उम्र में उनके पीटी टीचर ने फुटबॉल की तरफ रुख करने को कहा और इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। साल 2018 में BRICS देशों के बीच हुए अंडर-17 कप की भारतीय टीम में मनीषा को जगह मिली। मनीषा जल्द ही भारतीय सीनियर टीम का हिस्सा बन गईं। उन्होंने अभी तक अपने करियर में कुल 51 मैच खेलते हुए 40 गोल किए हैं। हाल ही में भारतीय महिला टीम ने ब्राजील के खिलाफ कुछ मुकाबले खेले थे और ब्राजील के खिलाफ 1 गोल भी दागा था।

मनीषा को दूसरे यूरोपीय क्लब से भी ऑफर मिल रहे थे लेकिन मनीषा ने अपोलन लेडीज क्लब को चुना। इस क्लब ने साइप्रस में होने वाली टॉप डिविजन फुटबॉल प्रतियोगिता का 2020-21 का सीजन जीता और चैंपियंस लीग के 2022-23 के क्वालीफाइंग दौर में देश की ओर से सीधे प्रवेश किया।

Edited by Prashant Kumar