ISL: मुंबई सिटी ने एटीके मोहन बगान की चुनौती को ध्‍वस्‍त किया

मुंबई सिटी ने एटीके मोहन बगान को मात दी
मुंबई सिटी ने एटीके मोहन बगान को मात दी

मुंबई सिटी एफसी ने अपना दबदबा बरकरार रखते हुए सोमवार को फटोर्डा स्‍टेडियम में इंडियन सुपर लीग के जोशीले मुकाबले में एटीके मोहन बगान को 1-0 से रौंदा। लीग का आधा चरण बीत चुका है और मुंबई सिटी पांच अंकों की बढ़त के साथ शीर्ष पर कायम है। दूसरे स्‍थान पर काबिज एटीके मोहन बगान के 20 अंक हैं।

बार्थोलोम्‍यू ओगबेचे ने 69वें मिनट में गोल दागा जो मुंबई सिटी के लिए पर्याप्‍त साबित हुआ। मुंबई सिटी को पिछले 9 मैचों में एक भी हार का सामना नहीं करना पड़ा है। सर्जियो लोबेरा ने मुंबई सिटी की प्‍लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए थे। निलंबित अहमद जाहूह की जगह सीवाय गोडार्ड और एडम ली फोंड्रे की जगह ओगबेचे को शामिल किया गया। वहीं एटीके मोहन बगान के कोच एंटोनियो हबास ने तीन बदलाव किए। मानवीर सिंह को शुरूआत में मौका मिला। ग्‍लेन मार्टिंस ने मिडफील्‍ड की जिम्‍मेदारी जेवियर हर्नांडेज के साथ संभाली। हर्नांडेज ने 3 दिसंबर को ओडिशा के खिलाफ मैच के बाद वापसी की।

मुंबई सिटी और एटीके मोहन बगान के बीच हुई जोरदार भिड़ंत

पहले सेशन में मुंबई सिटी ने अपने पास गेंद ज्‍यादा समय रखी, लेकिन मैच में कुछ नाजुक पल भी आए। हालांकि, एटीके मोहन बगान भाग्‍यशाली रही कि मुंबई सिटी मौके का फायदा उठाने में नाकाम रही और गोल नहीं हुआ। पहला हाफ पूरी तरह मुंबई सिटी के आक्रमण और एटीके मोहन बगान के डिफेंस का रहा। मगर मुंबई सिटी सटीक निशाना लगाने से चूकी और मोहन बगान का डिफेंस स्‍कोर को 0-0 पर रखने में कामयाब रहा। मुंबई सिटी ने 8वें मिनट में एटीके मोहन बगान के डिफेंस को हिलाकर रख दिया था, तब गोल करने का मौका जरूर बनाया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।

मुंबई सिटी बढ़त लेने के करीब पहुंच गई थी जब ओगबेचे ने गेंद घुमाई। भाग्‍य की बात रही कि अरिंदम सही पल सही जगह मौजूद थे, जिन्‍होंने गोल लाइन पर सुरक्षा करके सभी को हैरान कर दिया।

एटीके मोहन बगान ने दूसरे हाफ में दमदार वापसी की और कुछ मौके बनाए। एडु गार्सिया को बड़ी भूमिका निभाना थी। उन्‍होंने पहले बॉक्‍स के बाहर से फ्री किक निशाने पर जमाया, लेकिन मुंबई सिटी के गोलकीपर अमरिंदर सिंह ने पूरी डाइव लगाकर गोल सुरक्षित किया। गार्सिया को प्रणय हलदर ने पास बनाकर दिया, लेकिन वह गोल करने से चूक गए। मुंबई सिटी आखिरकार अरिंदम को मात देने में सफल हुई जब 69वें मिनट में ओगबेचे ने शानदार गोल दागा। उन्‍हें बोउमस का अच्‍छा साथ मिला। फ्रांस के खिलाड़ी ने सेंटना के साथ मिलकर अच्‍छा मूव बनाया और ओगबेचे को पास दिया, जिन्‍होंने दौड़ते हुए दाएं टॉप कॉर्नर में गोल दागा और मुंबई सिटी को बढ़त दिला दी।

Quick Links

Edited by Vivek Goel
App download animated image Get the free App now