ISL: बिपिन सिंह ने लगाई हैट्रिक, मुंबई सिटी एफसी ने एकतरफा मैच में ओडिशा एफसी को धोया

मुंबई सिटी एफसी
मुंबई सिटी एफसी

मुंबई सिटी एफसी ने बुधवार को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के सातवें सीजन में ओडिशा एफसी को एकतरफा मुकाबले में 6-1 से मात दी। मुंबई सिटी एफसी की तरफ से बोर्थोलोमियू ओगबेचे (13वें और 43वें), बिपिन सिंह (38वें, 47वें और 86वें) व सीवाय गोडार्ड (44वें) ने गोल दागे। वहीं ओडिशा एफसी की तरफ से डिएगो मॉरिशियो ने 9वें मिनट में पेनल्‍टी को गोल में तब्‍दील किया। यह ओडिशा एफसी की तरफ से एकमात्र गोल मैच में लगा।

मुंबई सिटी एफसी की यह 19 मैचों में 11वीं जीत है और उसके अब 37 अंक हो गए हैं। मुंबई सिटी एफसी का एक मैच बचा है और अगर वह उसमें भी जीत जाता है तो एटीके मोहन बगान (40 अंक) के बराबर आ जाएगा। वैसे, गोल अंतर के हिसाब से मुंबई ने मोहन बगान की बराबरी कर ली है। वहीं ओडिशा को 19 मैचों में 12वीं हार मिली। उसके खाते में पहले की ही तरह 9 अंक हैं और वह 11 टीमों की तालिका में सबसे नीचे बना हुआ है।

मुंबई सिटी एफसी का इस मैच में अलग ही रूबाब था। वह जीत के इरादे से मैदान पर उतरी थी और उसने ओडिशा एफसी को कोई मौका भी नहीं दिया। मैच के पहले ही हाफ में तय हो गया था कि मुंबई सिटी एफसी स्‍पष्‍ट विजेता है। मुंबई सिटी एफसी ने शुरुआती 47 मिनट में 4-1 की लीड के साथ एक लिहाज से अपनी जीत पक्की कर ली।

मुंबई सिटी एफसी ने एकतरफा बनाया मैच

वैसे आपको बता दें कि मैच में पहला गोल ओडिशा एफसी ने दागा जब 9वें मिनट में डिएगो मॉरिशियो ने पेनल्‍टी को गोल में तब्‍दील किया। मॉरिशियो आठवें मिनट में मिडफील्ड से गेंद लेकर पेनल्टी एरिया में पहुंचे थे और गोल करने के करीब थे, लेकिन अहमद जाहो ने उनके खिलाफ फाउल करते हुए उन्हें गिरा दिया। रेफरी ने बिना देरी के पेनल्टी दे दी और खुद मॉरिशियो ने ही गोल करते हुए ओडिशा को 1-0 से आगे कर दिया।

इसके बाद मुंबई ने एक के बाद एक चार गोल करते हुए मैच एकतरफा बना दिया। मुंबई सिटी एफसी के लिए पहला और बराबरी का गोल 14वें मिनट में बोर्थोलोमियू ओगबेचे ने किया। बोर्थोलोमियू ओगबेचे ने अहमद जाहो द्वारा लिए गए फ्रीकिक पर हेडर के जरिए किया, जबकि बिपिन सिंह ने 38वें मिनट में गोल करते हुए मुंबई को 2-1 की बढ़त पर पहुंचा दिया।

43वें मिनट में ओगबेचे ने अपना दूसरा गोल करते हुए मुंबई को 3-1 से आगे कर दिया। एक मिनट बाद सीवाई गोडार्ड ने एक और गोल करते हुए मुंबई सिटी एफसी को 4-1 से आगे कर दिया।

मुंबई सिटी एफसी ने ब्रेक के बाद कुछ बदलने नहीं दिया। गेंद पर कब्‍जा जमाते हुए मुंबई सिटी एफसी ने 47वें मिनट में अपनी बढ़त 5-1 कर ली थी। बिपिन सिंह ने तब शानदार गोल किया था। बिपिन ने एक गोल करते हुए अपनी हैट्रिक भी पूरी की और मुंबई को 6-1 से आगे कर दिया। बिपिन ने इस सीजन की पहली हैट्रिक लगाई।

Quick Links

Edited by Vivek Goel