ISL: मुंबई सिटी एफसी बना लीग चरण का टेबल टॉपर, एटीके मोहन बगान को 2-0 से धोया

मुंबई सिटी एफसी
मुंबई सिटी एफसी

मुंबई सिटी एफसी ने रविवार को जीएमसी स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन एटीके मोहन बगान को 2-0 से हराकर इंडियन सुपर लीग (आईसएल) के सातवें सत्र के लीग चरण के बाद शीर्ष स्थान पर अपनी जगह पक्की की। इसके साथ ही मुंबई सिटी एफसी ने एएफसी चैंपियंस लीग के ग्रुप चरण के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

इस जीत से मुंबई ने 40 अंकों के साथ 11 टीमों की तालिका में पहला स्थान हासिल किया। एटीके मोहन बगान के भी इतने ही अंक है, लेकिन गोल अंतर के लिहाज से वह मुंबई से पिछड़ गया। नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने 33 और एफसी गोवा ने 31 अंकों के साथ प्लेऑफ का टिकट कटाया है।

20वें और अंतिम चरण के मुकाबले के बाद मुंबई के खाते में 12 जीत आईं। इतनी ही जीत एटीकेएमबी के खाते में भी हैं। दोनों के खाते में चार-चार हार और चार-चार ड्रॉ हैं, लेकिन मुंबई ने जहां दूसरी टीमों के खिलाफ 35 गोल किए हैं और 18 गोल खाए हैं, वहीं एटीके मोहन बगान ने 28 गोल करते हुए 15 गोल खाए हैं। इससे दोनों टीमों के बीच चार गोलों का अंतर पैदा हो गया है।

मुंबई सिटी एफसी की एकतरफा जीत

बहरहाल, पहला हाफ मुंबई सिटी एफसी के नाम रहा। उसने 2-0 की बढ़त के साथ इसका समापन किया। मुंबई ने मैच की शुरूआत से ही अपना दबदबा बनाया और इसका फायदा उसे सातवें मिनट में ही मिल गया, जब अहमद जाहो द्वारा लिए गए फ्रीकिक पर हेडर से गोल कर माउतोर्दा फाल ने उसे 1-0 से आगे कर दिया।

मुंबई ने फिर 39वें मिनट में अपनी बढ़त 2-0 कर ली। बाथोर्लोमेव ओग्बेचे ने मुंबई सिटी एफसी की तरफ से दूसरा गोल दागा। ओग्बेचे ने हेर्नान सांटाना के फ्रीकिक के रीबाउंड होने पर हेडर के जरिए यह गोल किया।

एटीके मोहन बगान ने वापसी करने के कई प्रयत्‍न किए, लेकिन उसके हाथ एक बार भी सफलता नहीं लगी। इसके बाद रेगुलेशन टाइम भी समाप्त हो गया और मुकाबला इंजुरी टाइम में प्रवेश कर गया, जहां मुंबई सिटी एफसी ने 2-0 की अपनी बढ़त को कायम रखते हुए सीजन का लीग टॉपर बनने का गौरव हासिल कर लिया। इसके साथ ही उसने एएफसी चैंपियंस लीग के ग्रुप चरण के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। प्लेऑफ मुकाबले 5 से 9 मार्च के बीच खेले जाएंगे जबकि फाइनल 13 मार्च को होगा।

Quick Links