फैंस उड़ा रहे पुर्तगाल की वर्ल्ड कप जर्सी का मजाक, किसी ने कहा तरबूज, तो किसी ने क्रिसमस ट्री से की तुलना

Nike ने पुर्तगाल की Home जर्सी जारी की है जिसका फैंस लगातार मजाक उड़ा रहे हैं।
Nike ने पुर्तगाल की Home जर्सी जारी की है जिसका फैंस लगातार मजाक उड़ा रहे हैं

कतर में नवंबर-दिसबंर 2022 में होने वाले फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर चुकी टीमें लगातार तैयारी कर रही हैं। फिलहाल टीमें अपनी-अपनी आधिकारिक जर्सी लॉन्च कर रही हैं। पुर्तगाल की ओर से भी क्रिस्टियानो रोनाल्डो (होम) और ब्रूनो फर्नान्डिज (अवे) की तस्वीरों के साथ जर्सी जारी की गई हैं। लेकिन फैंस को रोनाल्डो द्वारा पहनी गई होम जर्सी बिल्कुल पसंद नहीं आ रही। यही कारण है कि जारी होने के बाद से इसे लगातार ट्रोल किया जा रहा है।

पुर्तगाल की जर्सी में हरा और लाल रंग होता है जो इस देश के राष्ट्रीय ध्वज का रंग भी है। लेकिन इस बार के डिज़ाइन को देख, कोई फैन इसे तरबूज से जोड़ रहा है तो कोई क्रिस्मस ट्री बता रहा है।

फैंस हैरानी से स्पोर्टवियर कंपनी Nike पर सवालिया निशान लगा रहे हैं कि उन्होंने इतनी गंदी जर्सी कैसे बना दी। इतना ही नहीं, भारत में तो इसे एक राजनैतिक पार्टी के झंडे से जोड़कर मजाक बनाया जा रहा है।

एक फैन ने लिखा कि वह हर साल होने वाले टूर्नामेंट में पुर्तगाल की जर्सी खरीदते हैं लेकिन इस बार की जर्सी बिल्कुल नहीं खरीदने वाले।

नाइकी पुर्तगाल के साथ ही इस विश्व कप में कुल 13 देशों के लिए जर्सी बना रहा है। नाइकी ने नीदरलैंड्स, फ्रांस, कोरिया, अमेरिका जैसे देशों की जर्सी भी लॉन्च की है। फैंस बाकी देशों की जर्सी से काफी खुश हैं और ऐसे में यही सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर नाइकी ने पुर्तगाल के साथ ऐसा क्यों किया।

पुर्तगाल की जर्सी के रंग भारत के फुटबॉल क्लब मोहन बगान की जर्सी से भी मेल खाते हैं, ऐसे में हर विश्व कप में जब-जब पुर्तगाल की जर्सी लॉन्च होती है तो कुछ भारतीय फैंस इन जर्सी की फोटो पर 'जॉय मोहन बगान' लिखते हुए भी चुटकी लेते हैं। इस बार पुर्तगाल की Away जर्सी फैंस को पसंद आई है, लेकिन होम जर्सी के लिए वो नाइकी को फिलहाल तो माफ करते नहीं दिख रहे।

Edited by Prashant Kumar