सैथ रॉलिंस ने बैन किए गए फिनिशर कर्ब स्टॉम्प का फिर से इस्तेमाल किया

इस बार के WWE रॉ में काफी सारा एक्शन देखने को मिला। ब्रॉन स्ट्रोमैन ने एरीना के अंदर और बाहर तोड़फोड़ मचाई, तो वहीं रोमन रेंस ने हैंडीकैप मैच में जीत हासिल की। जेसन जॉर्डन ने अपने पिता और जनरल मैनेजर कर्ट एंगल से सैथ रॉलिंस के लिए मैच की मांग की। कर्ट ने जेसन जॉर्डन की मांग को स्वीकारते हुए सैथ और फिन बैलर के बीच मैच का एलान किया। रॉ के मेन इवेंट मैच में फिन बैलर और सैथ रॉलिंस आमने सामने हुए। दोनों ही सुपरस्टार्स ने एक अच्छा मैच लड़कर फैंस को एंटरटेन किया। मैच के दौरान द बार ने रिंग साइड आकर ल्यूक गैलोज़, कार्ल एंडरसन और जेसन जॉर्डन पर अटैक कर दिया। यहां तक सब ठीक था, लेकिन उसके बाद सैथ रॉलिंस ने कुछ ऐसा किया, जिस कारण एरीना में मौजूद फैंस और दुनिया भर के रैसलिंग फैंस हैरानी में पड़ गए। सैथ रॉलिंस ने द बार द्वारा दी गई दखल का फायदा उठाकर फिन बैलर को अपना पुराना फिनिशर कर्ब स्टॉम्प दिया और जीत हासिल की। WWE ने कर्ब स्टॉम्प फिनिशर को बैन कर दिया था। लेकिन आज रॉ में सैथ रॉलिंस ने एक बार फिर इस विवादित फिनशिर का इस्तेमाल किया और WWE ने इस फिनिशर को नया नाम "ब्लैकआउट" दिया।

आपको बता दें कि विंस मैकमैहन ने साल 2015 में सैथ रॉलिंस के कर्ब स्टॉम्प पर बैन लगा दिया था। कर्ब स्टॉम्प को बैन किए जाने के बाद सैथ रॉलिंस ने पैडीग्री को अपना नया फिनिशर बना लिया था। रैसलमेनिया 33 में सैथ रॉलिंस ने ट्रिपल एच को हराकर पैडीग्री को रिटायर किया। उसके बाद से सैथ रॉलिंस रनिंग नी को इस्तेमाल कर रहे थे, जिसे काफी समय बाद किंग्स लैंडिंग नाम दिया गया। सैथ रॉलिंस को कर्ब स्टॉम्प इस्तेमाल करते देख फैंस बहुत खुश हुए होंगे। इस फिनिशर में सैथ रॉलिंस भागकर आते हुए उछलकर विरोधी रैसलर के सिर के पीछे पैर रखकर जोर से मैट पर मारते हैं। इस फिनिशर की वजह से चोट लगने का खतरा बना रहता है, क्योंकि पैर पर ज्यादा बल लग जाए, तो विरोधी रैसलर का सिर जोर से मैट पर टकरा सकता है।