एक्सरसाइज के 14 आश्चर्यजनक फायदे जानकर आप आज से ही शुरू कर देंगे कसरत करना

हम सब जानते हैं कि एक्सरसाइज करने के कई फायदे होते हैं लेकिन हमारे लिए ये जानना ज़रूरी है कि कसरत करना असल में कितना लाभदायक है। एक्सरसाइज करने से आपको पूरी तरह स्वस्थ बनने में, अच्छा महसूस करने में और बीमारियों से लड़ने में मदद मिलती है। कुल मिलाकर एक लम्बे, खुशहाल और स्वस्थ जीवन के लिए एक्सरसाइज से बेहतर और कुछ नहीं है। ये जानना ज़रूरी है कि एक्सरसाइज वास्तव में है क्या। क्या फिज़िकल वर्क और एक्सरसाइज में कोई अंतर है ? फिज़िकल वर्क के अंदर घर के काम, खेल आदि चीज़ें आती हैं। लेकिन एक्सरसाइज का मतलब होता है जब आप कुछ चुनिंदा फिज़िकल काम को योजना के तहत और बार-बार करते हैं। अब बात करते हैं उन 14 लाजवाब फायदों की, जिन्हें जानकर आप आज ही एक्सरसाइज शुरू देंगे।

एक्सरसाइज के फायदे

एक्सरसाइज से मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है:

नियमित एक्सरसाइज आपको तनाव, डिप्रेशन और चिंता से दूर रखती है। कसरत शुरू करने के कुछ समय बाद आप मानसिक तौर पर खुश महसूस करने लगेंगे। 1. आप खुश रहते हैं: एक्सरसाइज करने से आपका मूड सही रहता है क्योंकि जब आप कसरत करते हैं तो शरीर में एंडॉर्फिन केमिकल बनते हैं जो हमें खुश रखने का काम करते हैं। 2. डिप्रेशन रहता है कोसों दूर: एक्सरसाइज से रिलीज़ होने वाले केमिकल एंडॉर्फिन दर्द के एहसास को कम करता है और सकारात्मकता बढ़ाता है और इसीलिए एक्सरसाइज को प्राकृतिक ऐंटी-डिप्रेसेंट भी कहा जाता है। 3. चिंता को खत्म करता है: एक्सरसाइज गुस्से और चिंता को कम करने का एक रामबाण है। जब भी आप चिड़चिड़ा महसूस करें तो वर्कआउट करें या थोड़ी सैर करें, आपका मूड अच्छा हो जाएगा। 4. स्ट्रेस होता है छू-मंतर: एक्सरसाइज से रिलीज़ होने वाले केमिकल को प्राकृतिक स्ट्रेस बस्टर भी कहा जाता है। एक्सरसाइज करने से आपका ध्यान परेशानियों की तरफ से हटता है। 5. आत्म सम्मान बढ़ता है: अपना आत्म सम्मान और विश्वास बढ़ाने के लिए कसरत एक अच्छा विकल्प है। आप एक्सरसाइज करके जान पाएंगे कि आपका शरीर भागने दौड़ने के लायक है और इसी से आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा। 6. बेहतर नींद: नियमित एक्सरसाइज आपकी नींद की गुणवत्ता को बढ़ाती है। कसरत करते रहने से लम्बी और बेहतर नींद आती है जो आपके मूड को तरो-ताज़ा रखती है। 7. दिमाग होता है तेज़: एक्सरसाइज खून के प्रवाह को बेहतर करती है जिसके कारण आपकी सोचने समझने की शक्ति अच्छी हो जाती है। कसरत से सुधरता है शारीरिक स्वास्थ: इस भागती-दौड़ती ज़िन्दगी में बिमारियों की संभावना बढ़ गयी है। नियमित एक्सरसाइज से शारीरिक रोगों का खतरा कम हो जाता है। 1. हृदय रोग: आजकल सबसे आम रोग है हृदय रोग। किसी भी तरीके की एक्सरसाइज आपका हृदय को मज़बूत और स्वस्थ बनाती है। 2. कोलेस्ट्रॉल होता है कम: एक्सरसाइज करने से शरीर का HDL (अच्छा कोलेस्ट्रॉल) बढ़ता है और LDL (बुरा कोलेस्ट्रॉल) कम होता है। हार्ट अटैक आने का एक बड़ा कारण कोलेस्ट्रॉल ही होता है। 3. हाई ब्लड प्रेशर: जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत होती है उनके लिए एक्सरसाइज एक बढ़िया उपाय है। नियमित एक्सरसाइज हृदय को मज़बूत बनाती है जिससे हृदय को खून को शरीर के बाकी अंगों तक पहुंचाने में ज़्यादा ज़ोर नहीं लगाना पड़ता और ब्लड प्रेशर (रक्त चाप) सामान्य रहता है। 4. डायबिटीज़ (शुगर): शुगर को कंट्रोल करने में एक्सरसाइज बड़ी भूमिका निभाती है। कसरत से शरीर में ग्लूकोज़ की मात्रा कंट्रोल में रहती है जिससे डायबिटीज़ का खतरा कम होता है। 5. ऑस्टियोपोरोसिस (कमज़ोर हड्डियां): स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करना ऑस्टियोपोरोसिस का अच्छा इलाज है। इससे शरीर की बोन डेंसिटी बेहतर होती है। 6. अल्जाइमर रोग (भूलने की बिमारी): अल्जाइमर रोग से लड़ने का सबसे अच्छा तरीका एक्सरसाइज है। हिप्पोकैंपस दिमाग का वो हिस्सा होता जो इस रोग से सबसे पहले प्रभावित होता है। नियमित एक्सरसाइज इस हिस्से का बचाव करती है। 7. आर्थराइटिस (गठिया): नियमित एक्सरसाइज मसल्स के जोड़ को मज़बूती देती है और नम्यता बढ़ाती है। एक्सरसाइज ना करना जोड़ों के दर्द को बढ़ा देता है। अब आप कसरत के फायदों से अच्छी तरह वाकिफ़ हो चुके होंगे। दिन की 30 मिनट की एक्सरसाइज ज़िन्दगी की गुणवत्ता को कई गुना बढ़ा सकती है। लेखक: बिद्युत घोष, अनुवादक: उदित अरोड़ा

Edited by Staff Editor