Asian Games 2018: भारतीय हॉकी टीम का हुआ ऐलान

हॉकी इंडिया (एचआई) ने अगस्त में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम का ऐलान कर दिया है। 18 सदस्यीय टीम की कप्तानी गोलकीपर पीआर श्रीजेश करेंगे, जबकि चिंग्लेसाना सिंह को उप-कप्तान बनाया गया है। भारतीय टीम डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान में उतरेगी। 2014 में कोरिया में हुए एशियाई खेलों में भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। कप्तान पी आर श्रीजेश की अगुवाई में इस बार भारतीय हॉकी टीम गोल्ड मेडल जीतने की प्रबल दावेदार है। हाल ही में हॉकी मेन्स चैंपियंस ट्रॉफी में टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया था, जहां पर उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों पेनल्टी शूट आउट में हार का सामना करना पड़ा था। टीम के कप्तान और गोलकीपर पी आर श्रीजेश को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर भी चुना गया था। ऐसें में इस प्रदर्शन से टीम के हौसले बुलंद होंगे। फॉरवर्ड लाइन में अक्षदीप सिंह की वापसी हुई है। अनुभवी एस वी सुनील, मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय और दिलप्रीत सिंह जैसे खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है। रुपिंदर पॉल सिंह के आने से टीम का डिफेंस और मजबूत हुआ है। उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी में आराम दिया गया था। टीम के बारे में बाते करते हुए मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने कहा कि हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने हाल की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि रमनदीप सिंह के अनुभव की कमी हमें खलेगी क्योंकि चोट की वजह से वो एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं लेकिन अक्षदीप सिंह की वापसी से हमें फायदा भी होगा। पूरी भारतीय हॉकी टीम इस प्रकार है: गोलकीपर: पी.आर. श्रीजेश (कप्तान), कृष्ण बी पाठक डिफेंडर: वरुण कुमार, हरमनप्रीत सिंह, रुपिंदर पाल सिंह, अमित रोहिदास, बीरेंद्र लाकड़ा, सुरेंद्र कुमार, मिडफील्डर: मनप्रीत सिंह, चिंग्लेसाना सिंह, विवेक सागर प्रसाद, सिमरनजीत सिंह, सरदार सिंह, फॉरवर्ड: ललित कुमार उपाध्याय, एस.वी. सुनील, मनदीप सिंह,आकाशदीप सिंह और दिलप्रीत सिंह

Edited by Staff Editor
App download animated image Get the free App now