Champions Trophy Hockey: भारत ने अर्जेंटीना को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट में दूसरी जीत दर्ज की

नीदरलैंड्स में चल रही हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत को लगातार दूसरी जीत मिली है। इस बार भारत ने अर्जेंटीना जैसी तगड़ी टीम को 2-1 से हरा दिया। पहले मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से शिकस्त दी थी। लगातार 2 जीत दर्ज कर भारत ने टूर्नामेंट जीतने की दिशा में अपने मजबूत इरादे दर्शाए हैं। चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत ने अर्जेन्टीना को चार साल बाद हराया है। पहले हाफ के क्वार्टर में भारत ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया लेकिन गोल करने में सफलता नहीं मिली। अर्जेंटीना को एक पेनल्टी कॉर्नर इस दौरान मिला लेकिन भारतीय गोलकीपर ने इसे विफल कर दिया। भारत को दूसरे क्वार्टर में गोल करने का मौका मिला। पेनल्टी कॉर्नर का मौका भुनाते हुए हरमनप्रीत ने विपक्षी गोलकीपर की टांगों के बीच से गेंद को बॉक्स में पहुंचा दिया। इसके बाद दूसरा गोल भी भारत के लिए पहले हाफ में ही आया। इस बार दिलप्रीत सिंह के शानदार पास पर मनदीप सिंह ने स्टिक से दिशा देकर गोल कर दिया और स्कोर 2-0 हो गया। दूसरा गोल 28वें मिनट में हुआ। पहला हाफ समाप्त होने तक स्कोर 2-0 था। दूसरा हाफ शुरू होने के बाद 43वें मिनट में अर्जेंटीना की टीम को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला और उनके खिलाड़ी पेल्लट गोंजेलो ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। भारतीय रक्षा पंक्ति और स्ट्राइकरों ने शानदार तालमेल बैठाते हुए हर समय आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और विपक्षी टीम को बराबरी का कोई मौका नहीं दिया। अर्जेंटीना को 5 पेनल्टी कॉर्नर मिले जिनमें से उन्होंने एक को गोल में बदला। दूसरी तरफ भारत को 2 बार पेनल्टी कॉर्नर मिला और एक बार वे गोल करने में सफल रहे। आखिर तक भारतीय टीम ने गोल करने का प्रयास किया और एक बार भी ऐसा नजर नहीं आया कि वे रक्षात्मक खेल रहे हों। उल्लेखनीय है कि 40 वर्ष में भारतीय टीम को एक बार भी चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने का सौभाग्य प्राप्त नहीं हुआ है।

Edited by Staff Editor