डेविड जॉन, बीजे करिअप्पा और शिवेंद्र सिंह होंगे भारतीय हॉकी टीम के अंतरिम कोच, हॉकी इंडिया का ऐलान

भारतीय टीम FIH प्रो लीग के मुकाबलों में तीनों नए कोच की देखरेख में खेलेगी।
भारतीय टीम FIH प्रो लीग के मुकाबलों में तीनों नए कोच की देखरेख में खेलेगी।

हॉकी इंडिया की ओर से ऑस्ट्रेलिया के डेविड जॉन को भारतीय राष्ट्रीय हॉकी टीम का अंतरिम कोच नियुक्त किया गया है। हॉकी इंडिया के साथ बतौर हाई-परफॉर्मेंस डायरेक्टर काम कर चुके फिजियोलोजिस्ट डेविड जॉन के साथ ही पूर्व सीनियर खिलाड़ी शिवेंद्र सिंह और जूनियर टीम के कोच रह चुके बीजे करिअप्पा को भी अंतरिम कोच की जिम्मेदारी दी गई है। इसी महीने भारतीय टीम को FIH हॉकी प्रो लीग में जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया का सामना करना है।

कप्तान हरमनप्रीत के साथ खड़े टीम के पूर्व कोच ग्राहम रीड।
कप्तान हरमनप्रीत के साथ खड़े टीम के पूर्व कोच ग्राहम रीड।

इसी साल जनवरी के महीने में भारतीय हॉकी टीम विश्व कप में चौंकाने वाले अंदाज में क्वार्टरफाइनल में पहुंचने में नाकाम रही, जिसके बाद टीम ने 9वें स्थान पर रहते हुए अभियान समाप्त किया। हॉकी इंडिया की ओर से टीम के कोच ग्राहम रीड का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया था और तभी से नए कोच की अटकलें तेज हो गई थीं। हालांकि रीड के जाने से कई हॉकी विशेषज्ञ और फैंस नाराज थे क्योंकि उनकी ही देखरेख में भारत ने 2021 टोक्यो ओंलपिक में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था।

फिलहाल डेविड जॉन, शिवेंद्र, और बीजे करिअप्पा का काम टीम के मनोबल को बढ़ाकर रखने का होगा। बतौर अंतरिम कोच इनके प्रदर्शन पर तो हॉकी इंडिया की नजर होगी ही, साथ ही टीम के लिए आधिकारिक कोच ढूंढने का काम भी जल्द ही पूरा करना होगा। डेविड जॉन और करिअप्पा मौजूदा समय में ओडिशा के खेल विभाग के साथ जुड़े हुए हैं। डेविड जॉन ने साल 2011 में बतौर फीजियो भारतीय टीम के साथ अपना सफर शुरु किया था। साल 2020 में उन्होंने हाई-परफॉर्मेंस डायरेक्टर के पद से इस्तीफा दिया था। ऐसे में डेविड टीम को काफी अच्छे से जानते और समझते हैं।

हॉकी इंडिया ने जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ओडिशा के राउरकेला में होने वाली प्रो लीग मुकाबलों के लिए टीम की घोषणा भी कर दी है। 20 सदस्यीय टीम की कमान हरमनप्रीत सिंह को ही दी गई है जो विश्व कप में भी टीम के कप्तान थे। पीआर श्रीजेश बतौर गोलकीपर शामिल हैं जबकि कृष्ण बहादुर पाठक के स्थान पर पवन कुमार को एक और गोलकीपर के रूप में रखा गया है। इस बार टीम में कई युवा खिलाड़ियों को स्थान दिया गया है।

Quick Links