एशिया कप हॉकी : मलेशिया के खिलाफ भारत ने ड्रॉ खेल बनाए रखी फाइनल की उम्मीद

भारतीय हॉकी टीम का आखिरी मैच दक्षिण कोरिया से है।
भारतीय हॉकी टीम का आखिरी मैच दक्षिण कोरिया से है।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जकार्ता में खेली जा रही एशिया कप हॉकी 2022 प्रतियोगिता के दूसरे दौर में मलेशिया को 3-3 से ड्रॉ पर रोकने में कामयाबी हासिल की। सुपर 4 के भारत के दूसरे मैच में मलेशिया के राजी रहीम ने हैट्रिक लगाई। आखिरी क्वार्टर में टीम इंडिया ने बेहतरीन वापसी की और दो गोल दागते हुए मैच 3-3 से ड्रॉ कर एक अंक कमा लिया। फिलहाल टीम अंक तालिका में गोल डिफरेंस के आधार पर दक्षिण कोरिया के बाद दूसरे नंबर पर है जबकि मलेशिया तीसरे और जापान चौथे स्थान पर है। टॉप 2 टीमें प्रतियोगिता के फाइनल में खेलेंगी।

मलेशिया ने मैच की शुरुआत से ही भारतीय डिफेंस पर जोरदार अटैक बनाए रखा। छठे मिनट में ही मलेशिया ने पेनेल्टी कॉर्नर जीता लेकिन गोलकीपर सूरज ने इसे रोक दिया। मलेशिया ने इसके बाद गेंद का पोजेशन बनाए रखा। 12वें मिनट में राजी रहीम ने पेनेल्टी कॉर्नर को गोल में बदला और मलेशियाई टीम 1-0 से आगे हो गई। दूसरे क्वार्टर में टीम इंडिया ने खेल मजबूत करने की कोशिश की लेकिन मलेशिया की स्पीड कम नहीं हुई। 21वें मिनट में रहीम ने एक और पेनेल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। हाफ टाइम तक भारतीय टीम का खाता नहीं खुला था।

32वें मिनट में भारत को पहला पेनेल्टी कॉर्नर मिला जिसे विष्णुकांत सिंह ने गोल में बदला। इसके बाद भारत ने 4 पेनेल्टी कॉर्नर मिस किए। चौथे क्वार्टर में 53वें मिनट में एसवी सुनील ने गोल दागा और फिर नीलम संजीप ने गोल कर भारत को 3-2 से आगे कर दिया। लेकिन 55वें मिनट में रमीज ने एक और गोल दागा और मैच 3-3 से निर्णायक स्कोर के साथ समाप्त हुआ। एक अन्य मैच में जापान को दक्षिण कोरिया के हाथों 3-1 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ जापान 2 मैचों में बिना कोई मैच जीते फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है।

फिलहाल दक्षिण कोरिया और भारत के 2 मैचों से 4-4 अंक हैं जबकि मलेशिया के 2 मैचों से 2 अंक हैं। भारत को सेकेंड लेग का आखिरी मैच दक्षिण कोरिया से खेलना है जबकि मलेशिया को जापान से भिड़ना है। अगर जापान की टीम मलेशिया को हरा देती है तब तो कोरिया और भारत की टीमें फाइनल में पहुंच जाएंगी। लेकिन अगर मलेशियाई टीम जीतती है तो उसके 5 अंक हो जाएंगे, ऐसे में दक्षिण कोरिया और भारत के बीच जो टीम मैच जीतेगी वो फाइनल में पहुंचेगी। इस लिहाज से ये मुकाबला काफी अहम है।

Quick Links