Women's Hockey World Cup 2018: भारत और इंग्लैंड के बीच मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा

महिला हॉकी विश्वकप 2018 का उद्घाटन मुकाबला ओलंपिक चैंपियन इंग्लैंड और भारत के बीच खेला गया। दोनों टीमों की तरफ से 1-1 गोल दागे गए और मुकाबला ड्रॉ समाप्त हुआ। इस तरह विश्वकप की शुरुआत एक ड्रॉ के साथ हुई। भारत के लिए नेहा गोयल ने गोल करते हुए बढ़त दिलाई थी। पहले हाफ में दोनों टीमों ने आक्रामक रवैया दिखाया लेकिन भारतीय टीम ज्यादा हावी रही। भारत की नेहा गोयल ने फील्ड गोल दागते हुए 1-0 की बढ़त प्राप्त करते हुए भारत के जीतने की उम्मीदें जगाई। पहला हाफ समाप्त होने तक स्कोर 1-0 ही रहा और इंग्लैंड को निराशा हाथ लगी। दूसरा हाफ शुरू होने के बाद तीसरे क्वार्टर तक स्कोर 1-0 ही रहा और इंग्लैंड के हमले नाकाम होते रहे। अंतिम हाफ में इंग्लैंड ने मौका ताड़ते हुए भारतीय रक्षा पंक्ति को छकाते हुए 53वें मिनट में गोल दागते हुए स्कोर 1-1 कर दिया। इंग्लैंड की लिली ओसले ने यह गोल दागा। अंत तक स्कोर 1-1 रहा और मैच ड्रॉ ही समाप्त हो गया। भारतीय टीम 8 साल बाद महिला विश्वकप में खेल रही है और इसमें 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले मैच में भारत का प्रदर्शन औसत कहा जा सकता है लेकिन यह काफी नहीं होगा। चैंपियन बनने के लिए बहुत कुछ करना पड़ेगा।

Edited by Staff Editor
App download animated image Get the free App now