PKL 2022 में Patna Pirates की रोमांचक जीत और लगाई जबरदस्त हैट्रिक, अंक तालिका में भी हुआ जबरदस्त फायदा

PKL 2022
PKL 2022 में मुंबई और पटना के बीच हुआ रोमांचक मैच (Photo: Pro Kabaddi League)

PKL 2022 के 56वें मैच में पटना पाइरेट्स ने यू मुंबा को 34-31 से हराते हुए रोमांचक जीत दर्ज की। पटना पाइरेट्स की यह 10 मैचों के बाद चौथी जीत है और लगातार तीसरी जीत है। उन्होंने अंक तालिका में भी लंबी छलांग लगाई है और 28 अंकों के साथ 5वें स्थान पर आ गए हैं। यू मुंबा की यह 10 मैचों के बाद चौथी हार है और वो 32 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर स्थान पर आ गए हैं।

PKL 2022 में पटना पाइरेट्स और यू मुंबा के बीच हुआ रोमांचक मैच

पहले हाफ के बाद यू मुंबा ने 18-13 से बढ़त बनाई। मैच की शुरुआत में दोनों टीमों का डिफेंस का काफी शांत रहा और इस बीच जय भगवान ने जबरदस्त सुपर रेड लगाते हुए अपनी टीम के लिए 4 पॉइंट्स हासिल किए, जिसमें 3 डिफेंडर्स भी आउट हुए। पटना पाइरेट्स के लिए रेडिंग में सिर्फ सचिन तंवर ने ही प्रभावित किया। यू मुंबा की टीम काफी जल्दी पटना को ऑल-आउट करने के करीब आए, लेकिन सुनील ने हैदरअली को सुपरटैकल करते हुए अपनी टीम को एक बार बचाया। हालांकि 18वें मिनट में आखिरकार पहली बार यू मुंबा ने पटना पाइरेट्स को लोना दिया। पटना पाइरेट्स ने पहले हाफ में रेडिंग में 6 और डिफेंस में 5 पॉइंट्स हासिल किए। यू मुंबा ने रेडिंग में 8 और डिफेंस में 5 अंक हासिल किए।

दूसरे हाफ की शुरुआत में ना सिर्फ सुनील ने अपना हाई 5 पूरा किया, बल्कि सुनील की जबरदस्त रेडिंग के दम पर 24वें मिनट में ही पटना पाइरेट्स ने पहली बार यू मुंबा को लोना दे दिया। पटना पाइरेट्स को जो मोमेंटम मिला वो उन्होंने जारी रखा और टीम के डिफेंस ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए मुंबई के ऊपर दबाव बनाया। इसी वजह से मैच के आखिरी 5 मिनट के अंदर उन्होंने दूसरी बार मुंबई को लोना देते हुए अपनी टीम की बढ़त में इजाफा किया। आशीष ने अपनी टीम को मैच जिताने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बिल्कुल भी कामयाबी नहीं मिली। अंत में पटना पाइरेट्स ने आसानी से इस मैच को जीत लिया और यू मुंबा को सिर्फ एक अंक से संतुष्ट करना पड़ा।

इस मैच में सचिन तंवर ने पटना पाइरेट्स के लिए सबसे ज्यादा 12 रेड पॉइंट्स हासिल किए और डिफेंस में सुनील ने 6 टैकल पॉइंट्स हासिल किए। यू मुंबा के लिए जय भगवान ने सबसे ज्यादा 6 रेड पॉइंट्स और डिफेंस में रिंकू ने तीन टैकल पॉइंट्स हासिल किए।

Quick Links

App download animated image Get the free App now