Pro Kabaddi 2023 में Rahul Chaudhari को किया गया ड्रॉप और गत विजेता की धमाकेदार जीत, लगातार 5 मैच जीत चुकी टीम की विनिंग स्ट्रीक टूटी

Pro Kabaddi 2023
Pro Kabaddi 2023 में यू मुंबा की विनिंग स्ट्रीक टूटी (Photo: PKL)

Pro Kabaddi 2023: गत विजेता जयपुर पिंक पैंथर्स ने प्रो कबड्डी (Pro Kabaddi 2023) के 58वें मुकाबले में घरेलू टीम यू मुंबा को 41-31 से करारी शिकस्त दी। यह जयपुर पिंक पैंथर्स की छठी जीत है और वो अंक तालिका में दूसरे स्थान पर आ गए हैं और यू मुंबा अभी भी 5वें स्थान पर ही बने हुए हैं।

जयपुर पिंक पैंथर्स के लिए Pro Kabaddi 2023 के इस मैच में रेडिंग में अर्जुन देशवाल ने सबसे ज्यादा 17 रेड पॉइंट्स लिए और डिफेंस में अंकुश राठी ने हाई 5 लगाते हुए 5 टैकल पॉइंट्स लिए। दूसरी तरफ यू मुंबा के लिए रेडिंग में गुमान सिंह ने सबसे ज्यादा 13 रेड पॉइंट्स लिए और डिफेंस में सोमबीर, महेंदर सिंह और सुरिंदर सिंह ने एक-एक टैकल पॉइंट लिया। जयपुर ने इस मैच में राहुल चौधरी को प्लेइंग 7 से फिर ड्रॉप कर दिया था।

Pro Kabaddi 2023 में U Mumba की विनिंग स्ट्रीक टूटी

जयपुर पिंक पैंथर्स ने पहले हाफ के बाद 22-13 से बढ़त बनाई। गुमान सिंह ने शुरुआत में ही दो मल्टी पॉइंट्स रेड करते हुए जयपुर पिंक पैंथर्स के ऊपर दबाव डालने का प्रयास किया। यहां से अर्जुन देशवाल की रेडिंग और डिफेंस से मिले समर्थन की बदौलत जयपुर ने मुंबई को ऑल-आउट के करीब पहुंचाया। मैच के 8वें मिनट में अर्जुन ने अपनी रेड में मुंबई के बचे हुए दोनों खिलाड़ियों को आउट करते हुए उन्हें मैच में पहली बार लोना दिया। यहां से जयपुर ने अपनी लीड को बरकरार रखा और वी अजीत कुमार ने भी सुपर रेड लगाते हुए अपनी टीम को मजबूती दी। मुंबई के लिए जरूर गुमान सिंह ने सुपर 10 लगाया, लेकिन डिफेंस से उन्हें बिल्कुल भी समर्थन नहीं मिला।

जयपुर के लिए अर्जुन ने दूसरे हाफ की शुरुआत में मल्टी पॉइंट्स रेड करते हुए अपना सुपर 10 पूरा किया। अर्जुन ने इसके बाद रेड करते हुए गुमान सिंह को भी आउट किया, जिसकी वजह से यू मुंबा के ऊपर ऑल-आउट का खतरा मंडराने लगा। पिंक पैंथर्स ने अपनी लीड को शानदार तरीके से बरकरार रखा। 28वें मिनट में यू मुंबा दूसरी बार ऑल-आउट हो गई और इसके साथ ही वो मैच में 13 पॉइंट्स से पिछड़ गए। यहां से मुकाबला मुंबई की पकड़ से काफी ज्यादा दूर हो गया और जयपुर की जीत सुनिश्चित हो गई।

अंत में यू मुंबा ने हार के अंतर को 7 तक लाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन इसमें उन्हें कामयाबी नहीं मिली। जयपुर पिंक पैंथर्स ने धमाकेदार जीत दर्ज करते हुए 5 अंक हासिल किए और यू मुंबा को एक भी अंक नहीं मिला। यह मुंबई की Pro Kabaddi 2023 में लगातार 5 मैच जीतने के बाद पहली हार है और उनकी विनिंग स्ट्रीक टूट गई है।

Quick Links

App download animated image Get the free App now