फ्रेंडशिप डे पर CSK ने ड्वेन ब्रावो और अम्बाती रायडू का खास वीडियो किया साझा 

Ankit
ड्वेन ब्रावो और अम्बाती रायडू काफी अच्छे दोस्त हैं
ड्वेन ब्रावो और अम्बाती रायडू काफी अच्छे दोस्त हैं

वेस्टइंडीज के ड्वेन ब्रावो (Dwayne Bravo) और भारत के अम्बाती रायडू (Ambati Rayudu) की दोस्ती जग-जाहिर है। इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीम से ये दोनों साथ खेलते हैं। लीग के दौरान मैदान के बाहर अक्सर ब्रावो को रायडू की टांग खींचते हुए देखा जाता है। वहीं मैदान में ये दोनों खिलाड़ी चेन्नई के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज फ्रेंडशिप डे है और इस मौके पर चेन्नई ने अपने इंस्टाग्राम अकॉउंट पर इन दोनों खिलाड़ियों के रीयूनियन की वीडियो साझा की है।

चेन्नई ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकॉउंट से एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें रायडू और ब्रावो एक साथ नजर आ रहे हैं। इन दोनों खिलाड़ियों के रीयूनियन को चेन्नई ने फ्रेंडशिप डे के मौके पर पोस्ट करके दोनों खिलाड़ियों की दोस्ती को दिखाया है। अक्सर गंभीर स्वभाव में नजर आने वाले रायडू इस वीडियो में ब्रावो की संगत में हसंते हुए नजर आ रहे हैं। दिग्गज ऑलराउंडर ब्रावो भी मुस्कुरा रहे हैं। ये वीडियो चेन्नई के फैंस के लिए फ्रेंडशिप डे पर किसी उपहार से कम नहीं है।

आईपीएल 2022 में आखिरी बार ब्रावो और रायडू साथ खेलते हुए नजर आए थे। पिछले सीजन में ब्रावो ने चेन्नई के लिए 10 मैच खेले थे, जिसमें 18.69 की औसत और 8.71 की इकॉनमी रेट से 16 विकेट लिए थे। दूसरी तरफ उन्होंने बल्लेबाजी में निराश किया था और सिर्फ 23 रन बनाए थे।

वहीं अगर रायडू की बात करें तो उन्होंने आईपीएल 2022 में 13 मैच खेले जिसमें 24.91 की औसत और 122.32 स्ट्राइक रेट से 274 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक अपने नाम किया था।

गौरतलब हो की रायडू आखिरी बार पेशेवर स्तर पर आईपीएल 2022 में खेलते हुए नजर आए थे जबकि ब्रावो इस समय खेली जा रही 'द हंड्रेड' प्रतियोगिता में खेल रहे हैं। वह इस प्रतियोगिता में नॉर्दन सुपरचार्जर्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

Quick Links