World Wrestling Championship: विनेश फोगाट ने कांस्य जीतकर ओलम्पिक कोटा हासिल किया 

Ankit
विनेश फोगाट का यह विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में पहला पदक है
विनेश फोगाट का यह विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में पहला पदक है

कजाकिस्तान के नूर-सुल्तान में खेली जा रही विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप से भारत के लिए खुशखबरी आई है। भारतीय स्टार रेसलर विनेश फोगाट ने महिलाओं के 53 किग्रा भारवर्ग में विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में कांस्य पदक अपने नाम किया है। उन्होंने निर्णायक मुकाबले में ग्रीस की मारिया प्रेवोलारकी को 4-1 से हराकर कांस्य जीता। इसके अलावा विनेश फोगाट ने अगले साल जापान में होने वाले टोक्यो ओलम्पिक 2020 के लिए अपना ओलम्पिक कोटा हासिल कर लिया है। विनेश विश्व रेसलिंग चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाली चौथी भारतीय पहलवान बनी हैं।

इससे पहले विनेश फोगाट प्री क्वार्टरफाइनल मुकाबले में दो बार की विश्व चैम्पियन जापान की मायू मुकाइदा से हारकर खिताब की रेस से बाहर हो गई थी। मुकाइदा ने फाइनल में अपनी जगह बनाई जिस कारण उन्हें रेपचेज राउंड की जरिये पदक जीतने का अवसर मिला, जिसे उन्होंने भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। विनेश फोगाट ने तीन रेपेचेज राउंड खेले। विनेश ने अपने पहले रेपचेज राउंड में यूक्रेन की यूलिया खावल्दज़ी ब्लाहिन्या को 5-0 से हराया। उन्होंने दूसरे राउंड में यूएसए की शीर्ष वरीय पहलवान सारा एन हिल्डरब्रांड को 8-2 से हराकर अपना ओलम्पिक कोटा हासिल किया।

स्टार रेसलर विनेश फोगाट इससे पहले राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उनका यह विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में पहला पदक है। नूर-सुल्तान में खेली जा रही विश्व रेसलिंग चैम्पियनशिप में विनेश फोगाट ने अच्छी शुरुआत की थी। उन्होंने अपने पहले मैच में ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी स्वीडन की सोफ़िया मैटसन को एकतरफा मुकाबले में 13-0 से पराजित कर अपने इरादे जाहिर कर दिये थे।

इस बीच पिछले साल की कांस्य पदक विजेता भारत की पूजा ढांडा 59 किग्रा फ्रीस्टाइल स्पर्धा के सेमीफाइनल में रूस की लियुबोव ओवेरोचो से 10-0 से हार गई। पूजा अभी इस हफ्ते के अंत में कांस्य पदक के लिए अपनी दावेदारी पेश करेगी।

Quick Links

Edited by Naveen Sharma