यूएस ओपन : ईगा स्वियातेक बनीं चैंपियन, फाइनल में जेबूर को दी मात

यूएस ओपन महिला सिंगल्स ट्रॉफी के साथ ईगा स्वियातेक।
यूएस ओपन महिला सिंगल्स ट्रॉफी के साथ ईगा स्वियातेक।

विश्व की नंबर 1 टेनिस खिलाड़ी ईगा स्वियातेक ने यूएस ओपन का महिला सिंगल्स खिताब जीत लिया है। 21 वर्षीय ईगा ने फाइनल में पांचवी सीड ट्यूनिशिया की ओंस जेबूर को 6-2, 7-6 से मात दी। पोलैंड की ईगा का ये इस साल का दूसरा और करियर का तीसरा ग्रैंड स्लैम है। इससे पहले वो 2020 और 2022 के फ्रेंच ओपन महिला सिंगल्स का खिताब जीत चुकी हैं।

न्यूयॉर्क के आर्थर ऐश स्टेडियम में हुए महिला सिंगल्स फाइनल में ईगा अपने पुराने दमदार अंदाज में खेलती नजर आईं। ईगा ने पहले सेट में 3 बार जेबूर की सर्विस तोड़ी। शुरुआत में ही ईगा ने 3-0 से लीड ले ली, लेकिन जेबूर ने 2 गेम जीत वापसी की कोशिश की। इसके बाद ईगा ने लगातार तीन गेम और जीत सेट अपने नाम किया।

दूसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ बेहतरीन शॉट्स और रैली देखने को मिलीं। ईगा ने यहां भी 3-0 से शुरुआती बढ़त ले ली थी, हालांकि एक-एक प्वाइंट के लिए उन्हें जेबूर से कड़ी टक्कर मिली। इसके बाद जेबूर ने बेहद गजब का खेल दिखाते हुए ईगा की सर्विस 2 बार तोड़ी और सेट को टाईब्रेक तक ले गईं। यहां पर भी मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया था लेकिन ईगा ने आखिरकार 7-5 के अंतर से सेट और मैच जीत लिया।

ईगा के लिए बेस्ट सीजन

ईगा के लिये 2022 का सीजन बेहतरीन रहा है। उन्होंने इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद फऱवरी 2022 में कतर ओपन के रूप में WTA 1000 टाइटल जीता। मार्च और अप्रैल में ईगा ने इंडियन वेल्स और मियामी ओपन के WTA 1000 खिताब भी जीते और विश्व रैंकिंग में नंबर 1 पर पहुंचीं।

इसके बाद स्टटगार्ट ओपन और इटालयिन ओपन WTA 1000 का खिताब जीता। ईगा ने फ्रेंच ओपन के महिला सिंगल्स के खिताब को भी अपने नाम किया। इस साल ईगा ने लगातार 37 सिंगल्स मैच जीते और इस सदी में (2000 के बाद) लगातार इतने सिंगल्स मैच जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनीं।

वहीं उपविजेता रहीं ओंस जेबूर का ये लगातार दूसरा ग्रैंड स्लैम फाइनल था। इससे पहले इसी साल विंबलडन के फाइनल में वो कजाकिस्तान की ऐलिना रिबाकिना से हारीं थीं। जेबूर इस प्रदर्शन के बाद विश्व नंबर 2 बन जाएंगी। वह ट्यूनिशिया, अफ्रीकी महाद्वीप और अरब देशों के इतिहास में इस मुकाम तक पहुंचने वाली पहली महिला खिलाड़ी हैं।