विम्बल्डन : भारत की तरफ से चुनौती पेश करेंगे सानिया और रामनाथन

जनवरी में संन्यास की घोषणा कर चुकी सानिया मिर्जा का ये आखिरी विम्बल्डन टूर्नामेंट है।
जनवरी में संन्यास की घोषणा कर चुकी सानिया मिर्जा का ये आखिरी विम्बल्डन टूर्नामेंट है।

विम्बल्डन चैंपियनशिप के मुख्य ड्रॉ के आगाज के साथ टेनिस की दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की अलग-अलग स्पर्धाओं को जीतने की कोशिश में दुनियाभर के खिलाड़ी लग चुके हैं। भारत की ओर से इस बार भी डबल्स स्पर्धाओं में खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। सानिया मिर्जा और रामकुमार रामनाथन डबल्स के मुकाबलों में खेलते नजर आएंगे। जबकि रोहन बोपन्ना पहले ही विम्बल्डन में खेलने से मना कर चुके हैं।

आखिरी विम्बल्डन जीतने की कोशिश में सानिया

सानिया मिर्जा चेक रिपब्लिक की लूकी ह्रादेका के साथ महिला डबल्स में भाग ले रही हैं। सानिया मिर्जा और लूसी को टूर्नामेंट में महिला डबल्स के तहत छठी वरीयता दी गई है। पहले दौर में सानिया-लूसी की जोड़ी का सामना पोलैंड की माग्दालेना फ्रेच और ब्राजील की बीचरीज हद्दाद माइया की जोड़ी का सामना करेंगी। फ्रेच का जहां यह पहला विम्बल्डन टूर्नामेंट है तो माइया 2017 में सिंगल्स और डबल्स, दोनों प्रतियोगिताओं का हिस्सा थीं। सानिया महिला डबल्स के पहले दौर में 29 जून को खेलेंगी।

साल 2015 में अपने महिला डबल्स टाइटल के साथ सानिया मिर्जा।
साल 2015 में अपने महिला डबल्स टाइटल के साथ सानिया मिर्जा।

सानिया मिर्जा ने साल 2015 में स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस के साथ मिलकर विम्बल्डन का महिला डबल्स का खिताब अपने नाम किया था। साल 2016 में सानिया-मार्टिना की जोड़ी टॉप सीड थी लेकिन क्वार्टरफाइनल में हारकर बाहर हो गई थी। 2017 में सानिया अपनी जोड़ीदार बेल्जियम की कर्स्टन फ्लिपकेंस के साथ खेलते हुए तीसरे दौर में हारकर बाहर हुईं थीं। इसके बाद सीधे साल 2021 में सानिया ने महिला डबल्स में खेला और दूसरे दौर में बाहर हो गईं। ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 के दौरान सानिया मिर्जा ने संन्यास का ऐलान करते हुए इस सीजन को आखिरी घोषित किया था। ऐसे में ये उनका आखिरी विम्बल्डन टूर्नामेंट है।

वहीं पुरुष डबल्स में भारत के रामकुमार रामनाथन बोस्निया-हर्जेगोविना के टोमिस्लाव ब्रकिच के साथ खेलने उतरेंगे। पहले दौर में ये जोड़ी स्पेन के बाएना-बुस्ता की जोड़ी से भिडेंगे। रामनाथन पहली बार विम्बल्डन के डबल्स मुख्य ड्रॉ का हिस्सा बनने में कामयाब रहे हैं। मिक्स्ड डबल्स के लिए ड्रॉ की घोषणा 29 जून को होगी।