Create

Australian Open : महिला डबल्स के दूसरे दौर में हारकर बाहर हुईं सानिया मिर्जा, श्रीराम-जीवन पुरुष डबल्स से बाहर

सानिया मिर्जा ने अपने करियर में साल 2016 में ऑस्ट्रेलियन ओपन महिला डबल्स खिताब जीता था।
सानिया मिर्जा ने अपने करियर में साल 2016 में ऑस्ट्रेलियन ओपन महिला डबल्स खिताब जीता था।

अपना आखिरी ग्रैंड स्लैम खेल रहीं भारत की सानिया मिर्जा महिला डबल्स के दूसरे दौर में हार गई हैं। पूर्व विश्व नंबर 1 डबल्स खिलाड़ी सानिया और उनकी जोड़ीदार कजाकिस्तान की ऐन्ना डानीलीना को दूसरे दौर में बेल्जियम की ऐलिसन उय्तवांक और यूक्रेन की एन्हिलीना कलिनीना ने 6-4, 4-6, 6-2 से हराया। इसके साथ ही टेनिस ग्रैंड स्लैम की महिला डबल्स स्पर्धा में सानिया ने अपने करियर को विराम दिया।

Anna Danilina and Sania Mirza go down in three straights in the Women's Doubles - 2nd round! ❌#Tennis 🎾 #AusOpen https://t.co/yiuGFGnrX6

सानिया-ऐन्ना की जोड़ी डबल फॉल्ट और ब्रेक प्वाइंट्स के मामले में विरोधी जोड़ी से मात खा गई। तीसरे और निर्णायक सेट में इसी कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा। सानिया मिर्जा ने कुछ हफ्ते पहले ही एक विशेष सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ऐलान किया था कि वह ऑस्ट्रेलियन ओपन 2023 के रूप में अपने करियर का आखिरी ग्रैंड स्लैम खेलेंगी। सानिया मिर्जा ने अपने करियर में फ्रेंच ओपन को छोड़कर सभी ग्रैंड स्लैम में महिला डबल्स का खिताब जीता है।

साल 2015 में सानिया ने फ्रेंच ओपन और यूएस ओपन का डबल्स खिताब जीता था। वहीं साल 2016 में ऑस्ट्रेलियन ओपन के महिला डबल्स में वह स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस के साथ चैंपियन बनीं थीं। लेकिन उसके बाद कभी भी तीसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाई्ं। अब सानिया मिक्स्ड डबल्स में खेल रही हैं जहां वह भारत के रोहन बोपन्ना के साथ दूसरे दौर में पहुंच चुकी हैं।

पुरुष डबल्स में भारत की आखिरी उम्मीद जीवन नेदुन्जेगियन और श्रीराम बालाजी की भारतीय जोड़ी हारकर बाहर हो गई। जीवन-श्रीराम को दूसरे दौर में फ्रांस के जेरेमी चार्डी-फेब्रिस मार्टिन ने 6-4, 6-4 से मात दी। यह टूर्नामेंट के पुरुष डबल्स में बची आखिरी भारतीय जोड़ी थी। उनसे पहले रामकुमार रामनाथन, रोहन बोपन्ना अपने विदेशी जोड़ीदारों के साथ खेलते हुए पहले ही दौर में हार गए थे। वहीं युकी भांबरी-साकेत मियानी की जोड़ी को भी पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा था।

Quick Links

Edited by Prashant Kumar
Be the first one to comment