Asian Games 2023 : कुश्ती में सुनील कुमार ने जीता कांस्य पदक, अपने भार वर्ग में 61 साल बाद दिलाया भारत को पदक

सुनील कुमार ने भारत को साल 2010 के बाद ग्रीको-रोमन स्पर्धा में पहला एशियाड मेडल दिलाया है।
सुनील कुमार ने भारत को साल 2010 के बाद ग्रीको-रोमन स्पर्धा में पहला एशियाड मेडल दिलाया है।

भारत को 19वें एशियाड 2023 में कुश्ती का पहला मेडल मिल गया है। ग्रीको-रोमन स्पर्धा में पुरुषों के 87 किलोग्राम भार वर्ग में भारत के सुनील कुमार ने कांस्य पदक जीतने में कामयाबी हासिल की। लेकिन भारत के नीरज कुमार समेत तीन अन्य पहलवान मेडल राउंड तक नहीं पहुंच पाए।

भारत के सुनील कुमार ने 87 किलोग्राम भार वर्ग के पहले मुकाबले में चीन के फेई पेंग को बेहद कड़े मुकाबले में 4-3 से मात दी। अगले मुकाबले में सुनील ने ताजिकिस्तान के सुखरोब अब्दुलखाएव को 9-1 से टेक्निकल सुपिरियोरिटी के आधार पर हरा दिया। लेकिन सेमीफाइनल में सुनील ईरान के नासिर अलिजादेह के हाथों 5-1 से हार गए। इसके बाद रेपेचाज के जरिए आए विरोधी के खिलाफ सुनील को ब्रॉन्ज जीतने का मौका मिला। यहां भारतीय पहलवान ने किर्गिस्तान के अताबेक अजिसबेकोव को 2-1 से हराने में कामयाबी हासिल की।

87 किलोग्राम स्पर्धा में भारत का यह दूसरा मेडल है। इससे पहले 1962 में इसी वेट कैटेगरी में भारत के सज्जन सिंह को सिल्वर मेडल हासिल हुआ था। लेकिन दिन के अन्य मुकाबलों में भारतीय पहलवानों ने निराश किया। पुरुषों के 60 किलोग्राम भार वर्ग में भारत के ज्ञानेंद्र ईरान के पहलवान के हाथों 7-1 से हार गए। वहीं 67 किलो वेट कैटेगरी में नीरज कुमार उजबेकिस्तान के मखमूद बकशिलियोएव के हाथों 5-3 से हार गए। 77 किलोग्राम ग्रीको रोमन भार वर्ग में भारत के विकास सेमीफाइनल में पहुंचने से ठीक पहले मात खाकर पदक की दौड़ से बाहर हो गए।

अब फ्री स्टाइल से उम्मीद

भारतीय पहलवान फ्री स्टाइल कुश्ती में महारत रखते हैं और अब इसी पर सभी की नजरे हैं। गुरुवार के दिन महिलाओं की 53 किलोग्राम वेट कैटेगरी में भारत की अंतिम अपनी स्पर्धा में खेलेंगी। अंतिम लगातार दो बार अंडर-20 विश्व चैंपियन रह चुकी हैं और हाल ही में सीनियर विश्व चैंपियनशिप में भी ब्रॉन्ज लेकर आई हैं। 57 किलोग्राम भार वर्ग में भारत की मानसी भी गुरुवार को मैदान में होंगी जबकि 50 किलोग्राम वेट कैटेगरी में पूजा गहलोत खेलती नजर आएंगी। पुरुष ग्रीको रोमन स्पर्धा के 97 किलो वर्ग में भारत के नरेंद्र चीमा और 130 किलो वर्ग में नवीन मैदान में उतरेंगे।

Quick Links