3 WWE फैक्शन्स या टीमें जिनमें जल्द ही फूट पड़ सकती हैं 

कुछ स्टेबल जल्द ही टूट सकते हैं
कुछ स्टेबल जल्द ही टूट सकते हैं

WWE: WWE में पिछले कुछ समय से लगातार बदलाव हो रहे हैं। नए क्रिएटिव हेड ट्रिपल एच (Triple H) ने कंपनी के दोनों ब्रांड्स में मिड कार्ड डिवीजन को बहुत रोचक बनाया है। मिड कार्ड के साथ-साथ द गेम ने टैग टीम रोस्टर को भी चमका दिया है। पिछले कुछ समय में कई बेहतरीन टैग टीम मैच देखने मिले हैं।

Raw में डैमेज कंट्रोल और जजमेंट डे जैसे ग्रुप ने अपनी पकड़ बना रखी है, वहीं SmackDown में इम्पीरियम, न्यू डे और द ब्रॉलिंग ब्रूट्स जैसे फैक्शन्स ने WWE यूनिवर्स को अपनी परफॉर्मेंस से प्रभावित किया है। हालांकि, ब्लडलाइन लगातार कंपनी में अपनी पकड़ बनाए हुए है। स्टेबल्स या टैग टीम में कुछ मतभेद भी होने लगते हैं, जिस कारण ग्रुप में आपस में टकराव बढ़ जाता है। इस आर्टिकल में हम 3 WWE टीमों या फैक्शन के बारे में जानेंगे जिनमें जल्द ही फूट पड़ सकती हैं।

3- मैक्सिमम मेल मॉडल्स

जब मैक्स डुप्री ने मैक्सिमम मेल मॉडल्स के साथ मेन रोस्टर डेब्यू किया था, तब फैंस उनके लिए बहुत उत्सुक थे। हालांकि, यह ग्रुप डुप्री के लिए किसी डरावने सपने की तरह साबित हुआ। दिशाहीन स्टोरीलाइन और स्टार्स के कमजोर प्रदर्शन ने फैंस की दिलचस्पी भी इस ग्रुप से खत्म कर दी है।

इसका असर मैक्स डुप्री पर देखने को मिला है। बीते कुछ हफ्तों में वो अपने ग्रुप से नाराज़ दिखाई दिए हैं। यह साफ दिख रहा है कि मैक्स डुप्री ज्यादा दिन तक इस स्टेबल के साथ नहीं रहेंगे। कुछ बैकस्टेज रिपोर्ट्स की मानें तो कंपनी जल्द ही मैक्स को उनके पुराने किरदार एलए नाइट के रूप में वापस लाना चाहती है।

2- पूर्व WWE विमेंस चैंपियंस एलेक्सा ब्लिस और ओस्का

ओस्का ने अप्रैल और एलेक्सा ब्लिस ने मई में कंपनी में वापसी की थी। फैंस को उम्मीद थी कि दोनों मेन इवेंट सीन का हिस्सा बन सकती हैं लेकिन दोनों पूर्व विमेंस चैंपियंस लंबे समय से टैग टीम के रूप में दिख रही हैं। फिलहाल ओस्का और एलेक्सा ब्लिस की दुश्मनी बेली के डैमेज कंट्रोल फैक्शन के साथ चल रही है।

ओस्का और एलेक्सा को टैग टीम के रूप में ज्यादा सफलता नहीं मिल रही है। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी ब्लिस के कैरेक्टर में बदलाव करना चाहती है। इसलिए यह बिल्कुल संभव है कि ओस्का और एलेक्सा जल्द ही अलग-अलग हो जाएं। कई फैंस का मानना है कि ब्रे वायट की वापसी के बाद एलेक्सा ब्लिस उनके साथ दिख सकती हैं।

1- द ब्लडलाइन

youtube-cover

ब्लडलाइन इस समय कंपनी का सबसे खतरनाक ग्रुप है। हाल ही में कुछ नए मेंबर्स भी इस ग्रुप का हिस्सा बने हैं। यह सभी को पता है कि सैमी ज़ेन और जे उसो के बीच लगातार मतभेद हो रहे हैं। जे उसो, सैमी को ग्रुप में शामिल करने के पक्ष में बिल्कुल नहीं थे। यह साफ दिख रहा है कि ब्लडलाइन में दरार पड़ने की शुरुआत हो चुकी है।

यह बिल्कुल संभव है कि सैमी अपने मास्टर माइंड से इस ग्रुप के सभी मेंबर्स के बीच मतभेद पैदा कर दें। यह भी हो सकता है कि जल्द ही ज़ेन, ब्लडलाइन को बड़ा धोखा दें और टैग टीम चैंपियनशिप पर कब्जा जमाएं। जिस तरह जे और सैमी के बीच टकराव हो रहा है, वह ब्लडलाइन को जल्द ही तोड़ सकते हैं।

WWE और रेसलिंग से जुड़ी तमाम बड़ी खबरों के साथ-साथ अपडेट्स, लाइव रिजल्ट्स को हमारे Facebook page पर पाएं।

Quick Links

Edited by Ujjaval
Be the first one to comment