WWE में 4 बड़े चैंपियनशिप रिकॉर्ड्स जो साल 2023 में टूट सकते हैं 

..
कुछ चैंपियनशिप रिकॉर्ड 2023 में टूट सकते हैं
कुछ चैंपियनशिप रिकॉर्ड 2023 में टूट सकते हैं

WWE: WWE में हर साल कई रिकॉर्ड्स बनते और टूटते हैं। स्मैकडाउन (SmackDown) के हालिया एपिसोड में द उसोज (The Usos ) ने न्यू डे (New Day) को हराकर कंपनी के इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है। ब्लडलाइन मेंबर्स अब कंपनी के सबसे ज्यादा समय तक बने रहने वाले टैग टीम चैंपियंस हैं।

कंपनी में कई ऐसे चैंपियनशिप रिकॉर्ड्स हैं जो जल्द ही टूट सकते हैं। इसके साथ ही सुपरस्टार्स भी कंपनी के इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित करते हैं। निश्चित ही WWE का भी इस उपलब्धि को हासिल कराने में महत्वपूर्ण योगदान होता है। इस आर्टिकल में हम 4 बड़े चैंपियनशिप रिकॉर्ड्स के बारे में बताएंगे जो साल 2023 में टूट सकते हैं।

4- सबसे ज्यादा समय तक WWE इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन बने रहने का रिकॉर्ड

मौजूदा WWE इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन गुंथर
मौजूदा WWE इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन गुंथर

WWE में इस समय कुछ ऐसी चैंपियनशिप्स हैं, जिसमें लंबे समय से कोई बदलाव नहीं हुआ है। रोमन रेंस को यूनिवर्सल चैंपियन बने 800 से भी ज्यादा दिन हो चुके हैं, वहीं उसोज को भी टैग टीम चैंपियंस के रूप में 484 से ज्यादा हो गए हैं। मौजूदा WWE इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन भी इस कड़ी में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।

गुंथर को इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन बने 150 दिन पूरे हो चुके हैं। उन्हें अभी तक मेन रोस्टर में कोई भी पिन नहीं कर सका है। द हॉन्की टॉक मैन 450 दिन तक आईसी चैंपियन बने रहने में कामयाब रहे थे। भले ही गुंथर अभी 300 दिन पीछे हैं, लेकिन उनके दमदार प्रदर्शन को देखते हुए यह लग रहा है कि गुंथर अगले साल इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं।

3- सबसे ज्यादा समय तक NXT विमेंस चैंपियन बने रहने का रिकॉर्ड

NXT ब्रांड में ओस्का कंपनी के इतिहास की सबसे डॉमिनेंट सुपरस्टार थीं। वो NXT और मेन रोस्टर में कुल मिलाकर 914 दिन तक अनडिफेटेड रही थीं। एंप्रेस ऑफ टुमारो 522 दिनों तक NXT विमेंस चैंपियन थीं। मौजूदा NXT विमेंस चैंपियन मैंडी रोज इस रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब आ चुकी हैं।

टॉक्सिक अट्रेक्शन लीडर मैंडी रोज को NXT में चैंपियन बने 381 दिन से भी ज्यादा हो चुके हैं। अगर 32 वर्षीय मैंडी अगले साल 29 मार्च 2023 तक विमेंस चैंपियन बने रहने में कामयाब रहती हैं, तब वो ओस्का के रिकॉर्ड को तोड़ सकती हैं। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक रोज WrestleMania 39 चैंपियन बनी रह सकती हैं।

2- द मिज़ सबसे महान इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियन बन सकते हैं

द मिज़ WWE के टॉप स्टार्स में शामिल किए जाते हैं। इसके साथ ही मिज़ कंपनी के इतिहास के सबसे महान इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियंस में से एक हैं। ए-लिस्टर ने अपने करियर में 8 बार इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप को अपने नाम किया है। इस दौरान वो टोटल 592 दिन तक आईसी चैंपियन बने रहने में कामयाब हुए थे।

मिज़ साल 2023 में एक साथ दो बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं। पूर्व वर्ल्ड चैंपियन क्रिस जैरिको ने रिकॉर्ड 9 बार आईसी चैंपियनशिप जीती है। इसके अलावा पेड्रो मोरल्स रिकॉर्ड 617 दिन तक चैंपियन बने रहे थे। मिज़ 2023 में इन दोनों रिकॉर्ड्स को अपने नाम कर सकते हैं। मिज़ के फिर से आईसी चैंपियन बनने के साथ ही वो जैरिको के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे और 26 दिन तक चैंपियनशिप को अपने पास रखने के बाद वो सबसे ज्यादा दिनों तक आईसी चैंपियन बने रहने का रिकॉर्ड बना देंगे।

1- रोमन रेंस बन सकते हैं मॉडर्न एरा के सबसे लंबे समय तक बने रहने वाले WWE चैंपियन

द ट्राइबल चीफ
द ट्राइबल चीफ

रोमन रेंस कंपनी के इतिहास के पहले अनडिस्प्यूटेड WWE यूनिवर्सल चैंपियन हैं। रोमन पिछले 800 दिनों से भी ज्यादा समय से यूनिवर्सल चैंपियन बने हुए हैं। इसके अलावा उन्हें WWE चैंपियन बने 225 दिन हो चुके हैं। ट्राइबल चीफ ने अपने मैराथन चैंपियनशिप रन में कई सुपरस्टार्स और दिग्गजों को हराकर नए कीर्तिमान बनाए हैं।

रोमन रेंस की निगाहें निश्चित ही अब एक और बड़े रिकॉर्ड को तोड़ने पर हो सकती है। मॉडर्न एरा में पूर्व वर्ल्ड चैंपियन सीएम पंक सबसे ज्यादा समय तक WWE चैंपियन रहने वाले सुपरस्टार हैं। अगर रेंस 1 जून 2023 तक WWE चैंपियनशिप को अपने पास रखने में कामयाब हो जाते हैं, तब वो अगले साल सीएम पंक के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे।

WWE और रेसलिंग से जुड़ी तमाम बड़ी खबरों के साथ-साथ अपडेट्स, लाइव रिजल्ट्स को हमारे Facebook page पर पाएं।