WWE द्वारा निकाले गए 4 बड़े सुपरस्टार्स जिन्हें किसी कंपनी ने साइन नहीं किया है

WWE से जाने के बाद इन स्टार्स को किसी ने साइन नहीं किया
WWE से जाने के बाद इन स्टार्स को किसी ने साइन नहीं किया

WWE को प्रोफेशनल रेसलिंग की सबसे बड़ी कंपनी माना जाता है। वो हमेशा ही बिजनेस को आगे रखते हैं और ज्यादा से ज्यादा प्रॉफिट कमाना चाहते हैं। इसी कारण कई बार बजट कट्स की वजह से रेसलर्स को रिलीज किया जाता है। 2020 और 2021 में ढेरों रेसलर्स को WWE से निकाला गया है। WWE ने इस दौरान अपने कई बड़े और फेमस सुपरस्टार्स को भी बाहर करने का निर्णय लिया है।

WWE से निकाले गए कुछ बड़े सुपरस्टार्स ने दूसरी कंपनी में डेब्यू किया है और उन्हें अब बढ़िया तरह से बुकिंग मिल रही है। हालांकि, कुछ ऐसे बड़े सुपरस्टार्स हैं जिन्हें किसी कंपनी ने साइन नहीं किया है। इसलिए इस आर्टिकल में हम 4 सुपरस्टार्स के बारे में बात करेंगे जिन्हें WWE द्वारा निकाले जाने के बाद किसी दूसरी कंपनी ने अब तक साइन नहीं किया है।

4- बो डैलस

बो डैलस काफी सालों से WWE में नजर आ रहे थे। उनका डेब्यू 2008 में हुआ था और इसके बाद उन्होंने WWE में बढ़िया सफलता हासिल की। वो NXT और Raw टैग टीम चैंपियनशिप जीतने में सफल रहे थे। हालांकि, WWE उन्हें टेलीविजन पर उपयोग नहीं कर रहा था और उनके पास इस सुपरस्टार के लिए कोई प्लान्स नहीं थे।

उन्होंने अपना अंतिम मैच अक्टूबर 2019 में लड़ा था और इसके बाद से उनका उपयोग नहीं हुआ। अप्रैल 2021 में बो डैलस को रिलीज कर दिया गया। WWE ने उनका इस्तेमाल नहीं किया था और शायद ही कंपनी के पास उनके लिए कुछ बड़ी स्टोरीलाइंस थी। इसी वजह से उन्हें रिलीज करना एक अच्छा निर्णय था।

बो को निकाले हुए काफी समय हो गया है और उनका नॉन-कंपीट क्लॉज़ काफी पहले ही खत्म हो गया था। हालांकि, अभी तक उन्होंने किसी कंपनी में डेब्यू नहीं किया है। उनके पास AEW और Impact Wrestling समेत कई अच्छे विकल्प हैं लेकिन शायद वो अभी रेसलिंग से ब्रेक लेना चाहते हैं। कुछ महीनों बाद बो WWE के बाहर पहली बार लड़ते हुए नजर आ सकते हैं।

3- लाना

लाना ने WWE में सालों तक काम किया था। 2020 में उनके पति रुसेव को रिलीज कर दिया गया था। इसके बावजूद लाना WWE का हिस्सा थीं। हालांकि, जून 2021 को उन्हें भी निकाल दिया गया। लग रहा था कि लाना AEW में डेब्यू करेंगी क्योंकि उनके पति भी वहां नजर आ रहे हैं।

अब तक ऐसा नहीं हुआ है। लाना को किसी भी कंपनी ने साइन नहीं किया है। वो AEW में जाकर मिरो की मैनेजर बन सकती हैं या फिर Impact Wrestling में बतौर रेसलर जाकर वहां के विमेंस डिवीजन को मजबूत कर सकती हैं। आने वाले समय में उनका किसी प्रमोशन में डेब्यू देखने को मिल सकता है।

2- जायंट जंजीर

जायंट जंजीर आसानी से WWE में अपना बड़ा नाम बना सकते थे। हालांकि, WWE ने उन्हें रिलीज करके काफी ज्यादा निराश किया है। उनके पास एक तगड़ा लुक और जबरदस्त बॉडी थी। उनका कद काफी बड़ा था और वो WWE के अगले द ग्रेट खली बन सकते थे। उन्होंने Superstar Spectacle इवेंट में बढ़िया प्रदर्शन किया था।

इसी इवेंट के बाद ढेरों फैंस ने उनके बारे में जाना था। जायंट जंजीर के पास अच्छा कद है और कोई भी कंपनी उन्हें अपने साथ जोड़ सकती है। उन्हें रिलीज किए हुए थोड़ा समय हो गया है और उनका 30 दिनों का नॉन-कंपीट क्लॉज़ भी खत्म हो गया होगा। इसके बावजूद भी उन्हें किसी कंपनी ने साइन नहीं किया है।

1- ब्रे वायट

ब्रे वायट को रिलीज करना काफी ज्यादा शॉकिंग चीज़ थी। हर कोई उन्हें काफी पसंद करता था और वो कंपनी के सबसे अहम सुपरस्टार्स में गिने जाते थे। द फीन्ड गिमिक की वजह से उन्हें काफी सफलता मिली और वो 2 बार यूनिवर्सल चैंपियन भी बनने में सफल रहे थे। किसी ने उम्मीद नहीं की थी कि ब्रे को निकाल दिया जाएगा।

ब्रे वायट को जुलाई 2021 में रिलीज कर दिया गया। उनका 90 बिना का नॉन-कंपीट क्लॉज़ खत्म हो गया है। हालांकि, अभी भी वो किसी प्रमोशन के साथ नहीं जुड़े हैं। खबरों के अनुसार वो इस समय एक फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं और इसी कारण उन्होंने किसी कंपनी के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन नहीं किया है।

Quick Links