4 कारण क्यों Mandy Rose को WWE से रिलीज करना गलत फैसला है

Ujjaval
WWE ने मैंडी रोज़ को रिलीज कर दिया है
WWE ने मैंडी रोज़ को रिलीज कर दिया है

Mandy Rose: WWE ने मैंडी रोज़ (Mandy Rose) को कंपनी से रिलीज कर दिया है। यह काफी बड़ा सरप्राइज है क्योंकि इसके एक दिन पहले तक मैंडी रोज़ NXT विमेंस चैंपियन थीं। उनका टाइटल रन बहुत लंबे समय से चल रहा था। हालांकि, NXT के आखिरी एपिसोड में अचानक से रोज़ के 413 दिनों के चैंपियनशिप रन का अंत हो गया।

बाद में खबरें सामने आई कि उन्हें WWE ने रिलीज कर दिया है। यह सही मायने में काफी चौंकाने वाली चीज़ है। WWE ने अपने बिजनेस के हिसाब से सोचकर ही बड़ा निर्णय लिया है। हालांकि, कुछ कारणों से लगता है कि मैंडी को रिलीज करना गलत फैसला है। इसलिए इस आर्टिकल में हम 4 कारणों के बारे में बात करेंगे, जिनसे लगता है कि मैंडी रोज़ को रिलीज करना गलत निर्णय है।

4- मैंडी रोज़ मेन रोस्टर के लिए तैयार थीं

मैंडी रोज़ ने 2017 में अपना मेन रोस्टर डेब्यू किया था। हालांकि, उस समय वो तैयार दिखाई नहीं दे रही थीं। उनकी रेसलिंग स्किल्स खास नहीं थी और वो प्रोमो के मामले में भी बेहतर नहीं थीं। इसी वजह से उन्हें पहले सफलता नहीं मिली। NXT में जाने के बाद उन्होंने कैरेक्टर और माइक वर्क में सुधार दिखाया।

इसी वजह से रोज़ को लेकर फैंस उत्साहित थे। अगर वो अपने NXT वाले गिमिक के साथ मेन रोस्टर पर वापसी करती, तो उन्हें बहुत सफलता मिलती। हालांकि, उन्हें अब रिलीज ही कर दिया गया है। मैंडी मेन रोस्टर पर जाकर बड़ी स्टार बन सकती थीं और इसी वजह से लगता है कि उन्हें रिलीज करना एक गलत निर्णय है।

3- NXT के पास अब विमेंस डिवीजन में कोई मेगास्टार नहीं हैं

NXT ब्रांड से WWE को कई सारी टॉप स्टार्स मिली हैं। बेली, बैकी लिंच, शार्लेट फ्लेयर, बियांका ब्लेयर और साशा बैंक्स समेत कई सुपरस्टार्स ने NXT में नाम कमाने और स्किल्स को सुधारने के बाद मेन रोस्टर पर कदम रखा था। हालांकि, हमेशा ही NXT में कुछ सुपरस्टार्स रही हैं, जिन्होंने रोस्टर को अपने दम पर चलाया है।

मैंडी रोज़ उन स्टार्स की गिनती में थीं। वो पहले से काफी फेमस थीं और अन्य रेसलर्स के मामले में उनकी स्टार पावर ज्यादा थी। इसी वजह से NXT का विमेंस डिवीजन थोड़ा मजबूत नज़र आता था। अब उस रोस्टर पर कोई भी टॉप विमेंस सुपरस्टार नहीं है। कोरा जेड और रॉक्सेन पेरेज़ के पास टैलेंट है लेकिन अनुभव की बहुत कमी है।

2- WWE उन्हें चेतावनी दे सकता था, सीधा रिलीज करना गलत था

मैंडी रोज़ को NXT में फैंस बहुत पसंद करते थे। उनकी वजह से विमेंस डिवीजन बेहतर हो गया था और इसी कारण वो 413 दिनों तक विमेंस चैंपियन बनी रहीं। हालांकि, मैंडी रोज़ से अचानक टाइटल लेना और फिर रिलीज करना, WWE पर सवाल खड़े करता है। इससे WWE की इमेज पर फर्क पड़ता है।

अगर मैंडी रोज़ WWE की डील का उल्लंघन कर रही थीं, तो उन्हें चेतावनी दी जा सकती थी। इसके अलावा कंपनी के पास उन्हें टीवी से दूर करने या सस्पेंड करने का विकल्प भी था। थोड़े समय पहले मैट रिडल दूसरी बार ड्रग टेस्ट में फेल हुए थे। इसी वजह से उन्हें सस्पेंड किया गया था। मैंडी को भी रिलीज करने के बजाय सस्पेंड करना सही रहता। रोज़ को अपनी गलती सुधारने का मौका मिलता।

1- टॉक्सिक अट्रेक्शन फैक्शन को नुकसान होगा

मैंडी रोज़ ने NXT में जाने के बाद वो काम कर दिखाया, जो आजतक कोई विमेंस फैक्शन नहीं कर पाया था। मैंडी रोज़ ने जिजी डोलिन और जेसी जेन के साथ मिलकर टॉक्सिक अट्रेक्शन नाम के फैक्शन को तैयार किया था। इस फैक्शन ने खूब सफलता हासिल की और तीनों ने टाइटल्स पर कब्जा किया।

इसके पहले पेज के फैक्शन ने नाम बनाने की कोशिश की थी लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी। साथ ही साशा बैंक्स, नेओमी और टमीना का ग्रुप भी कारगर साबित नहीं हुआ था। रायट स्क्वाड भी बड़ा नाम नहीं बनाया पाया था। इसके अलावा डैमेज कंट्रोल फैक्शन भी टॉक्सिक अट्रेक्शन जितनी सफलता हासिल नहीं कर पाया। मैंडी ने एक सफल फैक्शन तैयार कर दिया था। हालांकि, अब उनके रिलीज होने से टॉक्सिक अट्रेक्शन को नुकसान होगा।

WWE और रेसलिंग से जुड़ी तमाम बड़ी खबरों के साथ-साथ अपडेट्स, लाइव रिजल्ट्स को हमारे Facebook page पर पाएं।