4 सुपरस्टार्स जो WWE ड्राफ्ट में वापसी करते हुए चौंका सकते हैं 

WWE Draft 2021 के लिए हर कोई काफी ज्यादा उत्साहित नजर आ रहा है
WWE Draft 2021 के लिए हर कोई काफी ज्यादा उत्साहित नजर आ रहा है

WWE में हर साल रोस्टर में बदलाव देखने को मिलते हैं। WWE का Draft करीब है और इसके साथ ही सुपरस्टार्स को नया ब्रांड मिलेगा। इसका आयोजन स्मैकडाउन (SmackDown) के अगले एपिसोड से होगा और फिर रॉ (Raw) में बचा हुआ ड्राफ्ट देखने को मिलेगा। कई सारे सुपरस्टार्स अपने ब्रांड में बने रहते हैं वहीं कुछ रेसलर्स को नई शुरुआत करनी पड़ती है।

WWE Draft के साथ सिर्फ सुपरस्टार्स ही नहीं बल्कि ब्रांड की भी एक नई शुरुआत होती है। ड्राफ्ट में हर साल कई सारे सुपरस्टार्स अपनी अलग शुरुआत करते हैं। 2021 के ड्राफ्ट में भी कई सारे सुपरस्टार्स की वापसी हो सकती है। इसलिए इस आर्टिकल में हम 4 बड़े सुपरस्टार्स के बारे में बात करने वाले हैं जो ड्राफ्ट के साथ WWE में वापसी कर सकते हैं।

4- WWE सुपरस्टार जॉन मॉरिसन

जॉन मॉरिसन WWE में वापसी के बाद से ही द मिज़ के साथ नजर आ रहे थे। हालांकि, कुछ समय पहले उन्हें मिज़ ने धोखा दे दिया। दोनों के बीच एक सिंगल्स मैच तय हो गया था लेकिन फिर यह मैच नहीं हो पाया। इस सुपरस्टार ने Raw में अपना अंतिम मैच 6 सितंबर 2021 को लड़ा था। इस दौरान उन्हें कैरियन क्रॉस से हार मिली थी। जॉन मॉरिसन को मिज़ से धोखा मिला है और इसी वजह से उनका पहला लक्ष्य मिज़ से बदला लेना होगा।

ड्राफ्ट अब करीब है और इसी वजह से देखना रोचक होगा कि जॉन मॉरिसन किस ब्रांड पर नजर आएंगे। वो इस ड्राफ्ट के दौरान किसी भी रोस्टर का हिस्सा बनकर अपनी नई शुरुआत कर सकते हैं। उनके पास काफी टैलेंट है और वो सिंगल्स सुपरस्टार के रूप में लगातार प्रभावित कर सकते हैं। हालांकि, अगर ड्राफ्ट के बाद द मिज़ के साथ उनकी स्टोरीलाइन खत्म होगी तो यह अच्छी चीज़ रहेगी। जॉन मॉरिसन को अभी Raw में इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है लेकिन ड्राफ्ट के बाद वो लगातार एक्शन में नजर आ सकते हैं।

3- इलायस

इलायस के कैरेक्टर में WWE कुछ बदलाव कर रहा है। इसी कारण वो काफी समय से Raw में नजर नहीं आए हैं। इस सुपरस्टार ने अपना अंतिम मैच 19 जुलाई 2021 को Raw के एपिसोड में जैक्सन राइकर के खिलाफ लड़ा था। इस मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था और इसके बाद से ही इलायस एक्शन से दूर हो गए हैं।

WWE ने कुछ मौकों पर उनके वीडियो पैकेज दिखाए हैं। इसमें वो अपना गिटार जलाते हुए नजर आ रहे हैं। इसे देखकर लगता है कि वो गिमिक में बदलाव करने बाद एक बार फिर WWE में दिखाई देने वाले हैं। वो ड्राफ्ट के साथ ही WWE में वापसी कर सकते हैं। यहां से उनके नए सफर की शुरुआत होगी।

2- असुका

असुका काफी समय से WWE में दिखाई नहीं दी हैं। खबरों के अनुसार वो इस समय चोटिल हैं। उन्होंने अपना अंतिम मैच 18 जुलाई 2021 को Money in the Bank पीपीवी में लड़ा था जहां वो जीत दर्ज करने में असफल रही थीं। WWE ने भी असुका की वापसी को लेकर अब तक कोई जिक्र नहीं किया है।

WWE उन्हें किसी एक ब्रांड में ड्राफ्ट करने के साथ ही उनका रिटर्न बुक कर सकता है। ऐसे में यह चौंकाने वाली वापसी मानी जाएगी। असुका ने पिछले कुछ सालों में काफी नाम कमाया है और वो WWE के विमेंस डिवीजन की सबसे अहम सुपरस्टार्स में शामिल हैं। फैंस उन्हें बहुत ज्यादा मिस करते हैं।

1- द मिज़

द मिज़ काफी समय से WWE में दिखाई नहीं दिए हैं। उन्होंने जॉन मॉरिसन को धोखा दे दिया था और इसके बाद लग रहा था कि दोनों की दुश्मनी जारी रहेगी। हालांकि, मिज़ नजर नहीं आए हैं। इस सुपरस्टार ने अपना अंतिम मैच 23 अगस्त 2021 को जेवियर वुड्स के साथ लड़ा था। मिज़ को WWE के एक्शन से दूर रहे 1 महीने से ज्यादा हो गया है।

इसी वजह से अब मिज़ की वापसी हो सकती है। वो ब्रांड बदलते हुए अपनी नई शुरुआत कर सकते हैं। इसके अलावा WWE उन्हें जॉन मॉरिसन के साथ स्टोरीलाइन में दिखा सकता है। WWE के पास मिज़ के लिए काफी अच्छे विकल्प हैं और ड्राफ्ट के साथ वो एक बार फिर टेलीविजन पर लगातार दिखाई दे सकते हैं।

Quick Links