4 बड़े सुपरस्टार्स जो WWE में आने से पहले खूब नाम कमा चुके थे

सुपरस्टार्स जो WWE में आने से पहले लोकप्रिय हो गए थे
सुपरस्टार्स जो WWE में आने से पहले लोकप्रिय हो गए थे

पहले की तुलना में प्रो रेसलिंग इंडस्ट्री की पहुंच अब बहुत बढ़ चुकी है, जहां रेसलर्स के पास WWE, AEW, Impact Wrestling और NJPW के अलावा भी कई अन्य विकल्प खुले हुए हैं। WWE दुनिया का सबसे बड़ा प्रो रेसलिंग प्रोमोशन है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि हर रेसलर के करियर की शुरुआत WWE से ही हो।

कई ऐसे रेसलर्स होते हैं जो अपने पूरे करियर में एक ही कंपनी के लिए काम करते हुए आए हैं, लेकिन कुछ ऐसे भी हैं जो दुनिया के कई टॉप प्रोमोशंस में सफलता हासिल कर चुके हैं। एक समय पर WCW भी बहुत बड़ा नाम हुआ करता था, जिसे बाद में WWE ने खरीद लिया था।

इसलिए WCW के कई सुपरस्टार्स WWE में काम करने लगे और सफलता भी प्राप्त की। वहीं मौजूदा समय में भी कई अन्य प्रोमोशंस के सुपरस्टार्स WWE में आते रहे हैं। इस आर्टिकल में हम उन 4 बड़े प्रो रेसलिंग सुपरस्टार्स के बारे में आपको बताएंगे जो WWE में आने से पहले भी खूब नाम कमा चुके थे।

WWE हॉल ऑफ फेमर गोल्डबर्ग

गोल्डबर्ग
गोल्डबर्ग

गोल्डबर्ग उन सबसे उम्रदराज प्रो रेसलिंग सुपरस्टार्स में से एक हैं जो अभी भी एक एक्टिव इन रिंग परफॉरमर हैं। हालांकि वो साल में 2 ही मैच लड़ते हैं, लेकिन 54 साल की उम्र में अधिकतर रेसलर्स की बॉडी बहुत कमजोर पड़ चुकी होती है। उनके प्रो रेसलिंग करियर की शुरुआत साल 1996 में WCW (वर्ल्ड चैंपियनशिप रेसलिंग) से हुई थी।

शुरुआत से ही उन्हें बड़ा पुश दिया जाने लगा था, इसी का नतीजा रहा कि उनकी विनिंग स्ट्रीक हर मैच के साथ और भी बेहतर होती जा रही थी। WCW में उनकी 173 मैचों की विनिंग स्ट्रीक ने उन्हें प्रो रेसलिंग वर्ल्ड में एक अलग पहचान दिलाई थी, जिसके कारण उनकी लोकप्रियता भी बढ़ रही थी।

WWE ने भी उन्हें 2003 में साइन कर उनकी लोकप्रियता और बढ़ते फेम का फायदा उठाने की कोशिश की। WWE में एक साल काम करने के दौरान उन्होंने ट्रिपल एच, केन और क्रिस जैरिको जैसे दिग्गज रेसलर्स के साथ रिंग साझा की थी। 2004 में कंपनी छोड़ने के बाद उन्होंने 2016 में WWE में वापसी की और अभी भी कंपनी के साथ पार्ट-टाइम कॉन्ट्रैक्ट साइन किया हुआ है।

एजे स्टाइल्स

एजे स्टाइल्स
एजे स्टाइल्स

एजे स्टाइल्स का WWE डेब्यू साल 2016 में हुआ, लेकिन उससे पहले ही उनकी गिनती प्रो रेसलिंग इतिहास के सबसे महान इन रिंग परफॉरमर्स में की जाने लगी थी। स्टाइल्स अपने करियर में ROH, NJPW और TNA समेत दुनिया के कई टॉप प्रोमोशंस में काम कर चुके हैं।

WWE में आने से पहले वो TNA, NWA वर्ल्ड चैंपियंस होने के अलावा 2 बार IWGP हैवीवेट चैंपियन भी बन चुके हैं। असल में स्टाइल्स को सबसे ज्यादा सफलता और लोकप्रियता TNA में काम करने के दौरान मिली, जहां वो ग्रैंड स्लैम चैंपियन होने का गौरव हासिल कर चुके हैं।

समोआ जो

समोआ जो
समोआ जो

समोआ जो की गिनती मौजूदा समय के सबसे बेहतरीन टेक्निकल प्रो रेसलर्स में की जाती है। उनके प्रो रेसलिंग करियर की शुरुआत 1990 के दशक के अंतिम सालों में हुई थी। इस दौरान उन्होंने ROH, TNA के अलावा लूचा वर्ल्ड में भी काफी सफलता हासिल की थी।

2015 में WWE से जुड़ने से पहले वो ROH में 645 दिनों तक वर्ल्ड चैंपियन रहे थे, जो आज भी एक रिकॉर्ड है। वहीं उन्हें TNA ग्रैंड स्लैम चैंपियन होने का सम्मान भी प्राप्त है। समोआ जो प्रतिभा के इतने धनी हैं कि कई मौकों पर WWE फैंस उन्हें हील होते हुए भी चीयर करते नजर आए हैं।

स्टिंग

स्टिंग
स्टिंग

साल 2001 में जब WWE ने WCW को खरीदा, तब स्टिंग उन रेसलर्स में से एक थे जो WWE में नहीं आना चाहते थे। उनका कहना था कि विंस मैकमैहन के प्रोमोशन में उन्हें सही तरीके से बुक नहीं किया जाएगा और ये बात 2014 में उनके WWE डेब्यू के बाद काफी हद तक सही भी साबित हुई।

प्रो रेसलिंग इतिहास के सबसे आइकॉनिक सुपरस्टार्स में से एक स्टिंग ने WWE में 4 मैच लड़े, जिनमें वो फैंस पर कोई खास छाप नहीं छोड़ पाए। WCW में उनका दर्जा कितना ऊंचा था, उसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वो सबसे ज्यादा बार WCW वर्ल्ड चैंपियंस की लिस्ट में 6 टाइटल्स जीतकर हल्क होगन के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। वहीं इस लिस्ट में पहला स्थान रिक फ्लेयर के पास रहा, जो 8 बार WCW वर्ल्ड चैंपियन बने थे।

Quick Links