WWE के 4 सुपरस्टार्स जो अभी कंपनी को ज्यादा फायदा नहीं पहुंचा पा रहे

WWE के कुछ सुपरस्टार्स कंपनी को फायदा नहीं पहुंचा पा रहे
WWE के कुछ सुपरस्टार्स कंपनी को फायदा नहीं पहुंचा पा रहे

WWE एक स्पोर्ट्स एंटरटेनमेंट ब्रांड है, जिसकी पहली प्राथमिकता फैंस का मनोरंजन करते हुए ज्यादा से ज्यादा रेटिंग्स बटोरना है। सुपरस्टार्स का कैरेक्टर, स्टोरीलाइंस के आधार पर और WWE किस सुपरस्टार को कब कितना बड़ा पुश दे रही है। इन सभी बातों पर फोकस करते हुए कंपनी के प्रोडक्ट को बेहतर बनाया जा सकता है।

WWE का रोस्टर काफी बड़ा है, इसलिए एकसाथ हर किसी को बड़ा पुश दे पाना संभव नहीं है। इसलिए कुछ रेसलर्स उस पुश का फायदा उठाकर टॉप पर पहुंचने में सफल हो जाते हैं, दूसरी ओर कई रेसलर्स ऐसा नहीं कर पाते। कई बड़े सुपरस्टार्स ऐसी स्थिति में भी पहुंच जाते हैं, जब उनके जरिए कंपनी को फायदा मिलना भी बंद हो जाता है।

मौजूदा WWE रोस्टर में भी ऐसे कई नाम हैं, जो पिछले काफी समय से संघर्ष करते दिखाई दिए हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए इस आर्टिकल में हम उन 4 बड़े सुपरस्टार्स के नाम आपको बताएंगे, जो फिलहाल WWE को ज्यादा फायदा नहीं पहुंचा पा रहे हैं।

WWE सुपरस्टार जैक्सन राइकर

जैक्सन राइकर ने साल 2017 में WWE को जॉइन किया था। NXT में उन्होंने स्टीव कटलर और वेस्ली ब्लेक के साथ टीम बनाई हुई थी, जिसे 'द फॉरगॉटन सन्स' के नाम से जाना जाता था। साल 2020 में इस टीम ने अपना मेन रोस्टर डेब्यू किया, लेकिन उसी साल के अंतिम महीनों में उन्हें वेस्ली और कटलर से अलग कर दिया गया।

कुछ समय बाद इलायस को उनका पार्टनर बनाया गया, इस बीच इलायस की मदद से उन्हें बड़ा पुश देने की कोशिश भी की गई। Thunderdome एरा में राइकर इस मौके का फायदा नहीं उठा पाए और अब इलायस से अलग होने के बाद उन्हें ऑन-स्क्रीन टाइम भी नहीं मिल पा रहा है। उनके संघर्ष का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले 2 महीने से उन्हें कोई मैच भी नहीं मिल पाया है।

ओटिस

एक समय था जब ओटिस और मैंडी रोज की जोड़ी खूब सुर्खियां बटोर रही थी, इस बीच डॉल्फ जिगलर के शामिल होने से भी ये स्टोरीलाइन दिलचस्प बन गई थी। उन्हें फेम मिल रहा था और इसी के चलते उन्हें 2020 Money in the Bank लैडर मैच में जीत के लिए बुक किया गया।

ब्रीफ़केस के साथ उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिल पा रही थी, इसलिए उनके कैशइन से पहले ही मिज ने उन्हें हराकर ब्रीफ़केस अपने नाम कर लिया। उसके बाद उनकी चैड गेबल के साथ अल्फा एकेडमी टीम का गठन किया गया। शुरुआत में ओटिस और गेबल की टीम लोगों के लिए दिलचस्प बनी हुई थी, लेकिन अब खराब बुकिंग की वजह से वो फैंस का कोई खास मनोरंजन नहीं कर पा रहे हैं।

रिकोशे

रिकोशे ने साल 2019 के फरवरी महीने में अपना WWE मेन रोस्टर डेब्यू किया था। शुरुआत में उन्हें बड़ा पुश मिला और उस दौरान WWE यूएस चैंपियन भी बने, लेकिन टाइटल हारने के बाद उन्हें लगातार संघर्ष करते देखा गया है। उनके हाई-फ्लाइंग मूव्स फैंस के लिए बड़े मनोरंजन का स्रोत बने हुए थे, मगर पिछला कुछ समय उनके लिए काफी संघर्षपूर्ण रहा है। उन्हें मैच तो मिल रहे हैं, लेकिन कोई बड़ी स्टोरीलाइन नहीं है जिससे उन्हें एक फ्यूचर WWE चैंपियन के रूप में तैयार किया जा सके।

जैफ हार्डी

जैफ हार्डी की गिनती प्रो रेसलिंग इतिहास के सबसे बेहतरीन हार्डकोर रेसलर्स में की जाती है। उनके भाई मैट हार्डी 2020 में WWE को छोड़कर जा चुके हैं, लेकिन उन्होंने कंपनी के साथ नई डील साइन करने का फैसला लिया था। जैफ को लैजेंड रेसलर का दर्जा प्राप्त है, लेकिन अब आलम ये है कि हाल ही में उन्हें WWE 24*7 चैंपियन का पीछा करते देखा गया था। 24*7 एक ऐसा टाइटल है, जिसकी स्टोरीलाइन में आमतौर पर जॉबर रेसलर्स को शामिल किया जाता है। स्थिति दर्शा रही है कि हार्डी फिलहाल WWE के लिए फायदेमंद साबित नहीं हो रहे हैं।

Quick Links