4 WWE Superstars जिन्होंने सभी को हैरान करते हुए अपने दुश्मनों के साथ जुड़ने का निर्णय लिया

..
जॉन सीना कुछ समय के लिए नेक्सस का हिस्सा थे
जॉन सीना कुछ समय के लिए नेक्सस का हिस्सा थे

WWE सुपरस्टार्स को अपने करियर को सफल बनाने के लिए कई संघर्षों से गुजरना पड़ता है। एक सुपरस्टार की जिंदगी डाइट, सफर, फिटनेस और इन-रिंग एक्शन के बीच चलती रहती है जो बड़ी चुनौती है। एक प्रोफेशनल रेसलर बनना तब और दिक्कत वाला काम बन जाता है जब आप किसी बुरे फैक्शन के खिलाफ हो। अगर तीन या अधिक स्टार्स का कोई फैक्शन किसी एक पर हमला करता है तो वह अकेला सुपरस्टार ज्यादा कुछ कर पाने में सक्षम नहीं होता।

WWE स्टार या तो उनसे लड़ने की कोशिश करेंगे, जिसमें वो निश्चित ही असफल रहेंगे या उन्हें यह लगना शुरू हो जाएगा कि अब कुछ बदलाव की जरूरत है। जब आप किसी को हरा नहीं सकते तो उनके साथ शामिल होना अच्छा निर्णय रहता है। इस लिस्ट में हम 4 सुपरस्टार्स के बारे में जानेंगे जो अपने विरोधी ग्रुप में शामिल हुए।

4- WWE सुपरस्टार फिन बैलर जजमेंट डे में शामिल हुए

Raw में जजमेंट डे ने पूरे WWE यूनिवर्स को हिला कर रखा दिया। यह फैक्शन हॉल ऑफ ऐज के द्वारा बनाया गया था। ऐज की एजे स्टाइल्स के साथ स्टोरीलाइन चल रही थी। WrestleMania 38 में एजे स्टाइल्स के खिलाफ मैच में ऐज की मदद डेमियन प्रीस्ट ने की। इसके बाद WrestleMania Backlash में रिया रिप्ली फैक्शन की तीसरी मेंबर बनीं।

उनके खिलाफ फिन बैलर, लिव मॉर्गन और एजे स्टाइल्स लड़ने के लिए आगे आए। Hell in a Cell में दोनों टीमों के बीच मिक्स्ड टैग टीम मैच देखने मिला जिसमें जजमेंट डे ने जीत दर्ज की। पिछले Raw के एपिसोड में जजमेंट डे के चौथे मेंबर के रूप में फिन बैलर शामिल हुए। थोड़ी देर बाद रिप्ली, प्रीस्ट और बैलर ने ऐज के ऊपर जबरदस्त हमला कर दिया। तीनों ने दिग्गज को ग्रुप से बाहर निकाल दिया।

3- जॉन सीना का नेक्सस में कदम रखना

डेविड ओटूंगा और जॉन सीना
डेविड ओटूंगा और जॉन सीना

2010 में NXT सीजन 1 के सभी स्टार्स ने मिलकर एक बहुत ही पावरफुल ग्रुप नेक्सस बनाया जिसमें वेड बैरेट, हीथ स्लेटर, डैरेन यंग, डेविड ओटूंगा, स्किप शेफील्ड, जस्टिन गेब्रियल, माइकल ट्रेवर और डेनियल ब्रायन शामिल थे। 2010 के अपने डेब्यू में नेक्सस ने जॉन सीना समेत कई सुपरस्टार्स पर अटैक किया।

बहुत ही लंबे समय तक सीना और नेक्सस की स्टोरीलाइन चलती रही। Hell in a Cell में बैरेट और सीना के बीच मैच रखा गया। इस मैच की शर्त के अनुसार बैरेट की टीम के सदस्य अगर दखल देंगे तो यह ग्रुप खत्म हो जाएगा लेकिन अगर सीना हारे, तो उन्हें नेक्सस में शामिल होना पड़ेगा। इस मैच में वेड बैरेट ने जॉन सीना को NXT के सेकंड सीजन के दो स्टार्स की इंटरफेरेंस के बाद हराया था। इसके बाद सीना को थोड़े समय के लिए नेक्सस का हिस्सा बनना पड़ा था।

2- WWE हॉल ऑफ फेमर स्टिंग का nWo वुल्फपैक में जुड़ना

द न्यू वर्ल्ड ऑर्डर (nWo) प्रोफेशनल रेसलिंग के इतिहास के सबसे शानदार ग्रुप्स में से एक था। यह ग्रुप 1996 में बना जब केविन नैश और स्कॉट हॉल WWF छोड़कर WCW में आए थे। इसके बाद हल्क होगन ने भी हील बनकर nWo को जॉइन कर लिया। WCW स्टार्स nWo को ज्यादा खास चुनौती नहीं दे पा रहे थे लेकिन स्टिंग WCW में सबसे अलग थे।

उन्होंने nWo को बराबर की टक्कर दी और WCW Starrcade 1997 में स्टिंग ने हल्क होगन को हराया भी था। nWo में फूट पड़ने के कारण आखिरकार यह ग्रुप दो हिस्सों में बट गया। एक तरफ होगन का हील nWo था और एक तरफ बेबीफेस nWo वुल्फपैक था। लेक्स लुगर के मनाने पर स्टिंग ने nWo वुल्फपैक जॉइन कर लिया था।

1- नेशन ऑफ डोमिनेशन में अहमद जॉनसन का शामिल होना

नेशन ऑफ डोमिनेशन के साथ अहमद जॉनसन
नेशन ऑफ डोमिनेशन के साथ अहमद जॉनसन

नेशन ऑफ डोमिनेशन की शुरुआत 1996 में हुई थी और इसमें क्रश, फारुख, सेवियो वेगा, द रॉक, डी'लो ब्राउन, मार्क हेनरी शामिल थे। शुरुआत में अहमद जॉनसन इस ग्रुप के सबसे बड़े दुश्मन थे।WrestleMania 13 के बाद नाराज फारुख ने नेशन ऑफ डोमिनेशन से कई मेंबर्स को निकाल दिया।

फारुख ने ग्रुप को और खतरनाक बनाने के लिए कामा और अहमद जॉनसन को शामिल किया। ग्रुप जॉइन करने के पहले ही अहमद जॉनसन को चोट लग गई और बाद में जॉनसन को फैक्शन से भी निकाल दिया गया। अहमद ने चोट के बाद वापसी करते हुए फिर से नेशन ऑफ डोमिनेशन के साथ दुश्मनी को जारी रखा।

WWE और रेसलिंग से जुड़ी तमाम बड़ी खबरों के साथ-साथ अपडेट्स, लाइव रिजल्ट्स को हमारे Facebook page पर पाएं।

Quick Links