4 WWE रेसलर्स जो 2022 में बहुत बड़े सुपरस्टार बनकर उभर सकते हैं

WWE सुपरस्टार्स जिन्हें 2022 में बड़ा पुश मिल सकता है
WWE सुपरस्टार्स जिन्हें 2022 में बड़ा पुश मिल सकता है

WWE में जगह बनाना किसी रेसलर के लिए बिल्कुल भी आसान काम नहीं है। हालांकि कुछ रेसलर्स का करियर यहीं शुरू हुआ और खत्म भी यहीं पर हुआ, लेकिन कुछ नाम ऐसे भी हैं जिन्होंने कई साल इंडिपेंडेंट सर्किट या किसी अन्य प्रोमोशन में काम करने के बाद विंस मैकमैहन (Vince Mcmahon) के प्रोमोशन में जगह बनाई।

WWE में हर दौर में कुछ रेसलर्स ऐसे रहे हैं जो कंपनी के टॉप सुपरस्टार होने की भूमिका निभाते आए हैं। वहीं नई और रोचक स्टोरीलाइंस तैयार करने के लिए हर साल कुछ उभरते हुए स्टार्स को पुश दिया जाता है। जैसे 2021 में रिडल, डेमियन प्रीस्ट और लिव मॉर्गन समेत कई अन्य सुपरस्टार्स को काफी बड़ा पुश मिला।

इनके अलावा भी कई सुपरस्टार्स अपने पुश का इंतज़ार कर रहे हैं, जिन्हें अगले साल अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित करने का मौका मिल सकता है। इसलिए आइए जानते हैं उन 4 WWE रेसलर्स के बारे में जो 2022 में बड़े सुपरस्टार बनकर उभर सकते हैं।

WWE सुपरस्टार ऑस्टिन थ्योरी

WWE Survivor Series 2021 की टीम Raw में पहले रे मिस्टीरियो को शामिल किया गया था, मगर बाद में उन्हें ऑस्टिन थ्योरी से रिप्लेस कर दिया गया। कंपनी के इस फैसले की खूब आलोचना भी की गई, मगर इससे WWE ने संकेत दिए कि थ्योरी को बहुत बड़ा पुश मिलने वाला है।

आपको याद दिला दें कि थ्योरी को 5-ऑन-5 Survivor Series एलिमिनेशन मैच में बॉबी लैश्ले, ड्रू मैकइंटायर और शेमस जैसे दिग्गज चैंपियंस से भी अधिक इन रिंग टाइम मिला था। वहीं अगले हफ्ते Raw में विंस मैकमैहन के गोल्डन ऐग की चोरी वाले सैगमेंट के लिए थ्योरी को चुना गया।

उससे अगले Raw एपिसोड में थ्योरी को विंस का थप्पड़ लगना भी साफ दर्शा रहा है कि विंस खुद अपनी निगरानी में थ्योरी को बड़ा पुश देने की कोशिश कर रहे हैं। जब किसी सुपरस्टार को WWE के चेयरमैन का साथ मिल रहा हो तो उसे सफलता मिलने की संभावनाएं बहुत अधिक हो जाती हैं। इसलिए संभव है कि थ्योरी 2022 में बहुत बड़े सुपरस्टार बनकर उभर सकते हैं।

गेबल स्टीवसन

गेबल स्टीवसन ने 2020 टोक्यो ओलंपिक की 125 किलोग्राम फ्रीस्टाइल रेसलिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं WWE के साथ उनके कॉन्ट्रैक्ट की खबर ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा। 2021 के ड्राफ्ट में उन्हें Raw रोस्टर में शामिल किया गया था, लेकिन इस साल उनके डेब्यू की संभावनाएं ना के बराबर हैं। एक तरफ WWE निरंतर रेसलर्स और स्टाफ मेंबर्स को रिलीज़ करती रही, इस बीच स्टीवसन के रूप में एक नए रेसलर का WWE के साथ जुड़ना कुछ बहुत बड़ा होने के संकेत दे रहा है।

वीर महान

वीर महान साल 2020 के मई महीने में जिंदर महल के शागिर्द के रूप में पहली बार मेन रोस्टर पर नजर आए थे। 2021 के ड्राफ्ट में महल के साथ शैंकी को SmackDown में भेज दिया गया, वहीं दूसरी ओर वीर महान को रेड ब्रांड का हिस्सा बनाया गया।

आपको याद दिला दें कि WWE ने कुछ हफ्ते पहले उनके नाम को वीर से वीर महान में बदल दिया था और पिछले कई हफ्तों से उनकी नए कैरेक्टर में वापसी को टीज़ किया जा रहा है। फिलहाल के लिए ऐसा लग रहा है जैसे कंपनी ने वीर के लिए बड़े प्लान तैयार किए हुए हैं, जो संभव ही 2022 में उन्हें बड़ा सुपरस्टार बनने में मदद कर सकते हैं।

शॉट्जी

शॉट्जी ने इसी साल जुलाई के महीने में अपना WWE मेन रोस्टर डेब्यू किया था। हालांकि उन्होंने टीगन नॉक्स के साथ एक टीम के तौर पर मेन रोस्टर पर कदम रखा था, लेकिन नॉक्स के साथ टीम खत्म होने के बाद वो निरंतर सिंगल्स मैचों में अच्छा प्रदर्शन करती आई हैं।

इस बीच उन्हें SmackDown विमेंस चैंपियन शार्लेट फ्लेयर के खिलाफ मैच मिला और साशा बैंक्स के साथ फ्यूड ने भी शॉट्जी के बड़े सुपरस्टार बनने के संकेत दिए हैं। खैर अब यह तो समय ही बताएगा कि क्या 2022 में WWE की विमेंस डिवीजन को एक और बड़ी सुपरस्टार मिलने वाली है या नहीं।

Quick Links