Mariah May WWE Debut: पूर्व AEW सुपरस्टार मरिया मे (Mariah May) का WWE में चौंकाने वाला डेब्यू हो गया है। काफी समय से उनके WWE में कदम रखने को लेकर बातचीत चल रही थी। WWE फैंस उनका इंतजार कर रहे थे। हालांकि, किसी ने उम्मीद नहीं की थी कि मरिया मे इस हफ्ते आकर सभी को हैरान कर देंगी।
WWE NXT के आखिरी एपिसोड में जेसी जेन ने स्टैफनी वकेर की बादशाहत खत्म करके विमेंस चैंपियनशिप पर कब्जा किया था। इस हफ्ते के शो में जेसी जेन अपनी साथियों के साथ रिंग में आईं। उन्होंने प्रोमो कट करके अपनी जीत के बारे में बात की। बाद में विमेंस डिवीजन की स्टार्स ने आकर अपनी दावेदारी पेश की। इन रेसलर्स के बीच तगड़ा ब्रॉल देखने को मिला। अचानक लाइट बंद हो गई और जब यह वापस आई, तो मरिया मे नजर आईं।
वो पोडियम पर खड़ी थीं। मरिया ने खुद का परिचय दिया और बताया कि वो इस विमेंस डिवीजन की अगली बड़ी स्टार बनेंगी। इसी बीच उन्होंने WWE NXT विमेंस चैंपियन को चैलेंज भी दे दिया। गौर करने वाली बात यह थी कि उनके नाम का जिक्र नहीं किया गया। रिकी स्टार्क्स ने जब डेब्यू किया था, तो उनका नाम भी नहीं बताया गया था। बाद में पता चला कि वो रिकी सेंट्स नाम से जाने जाएंगे। कुछ ऐसा ही मरिया मे के साथ हो सकता है।
WWE में डेब्यू से पहले मरिया मे ने AEW में काम किया है
मरिया मे ने ऑल एलीट रेसलिंग में दो साल से भी ज्यादा समय तक काम किया था। इसी बीच वो बेहद सफल रहीं। उनकी टोनी स्टॉर्म के साथ स्टोरी शानदार रही थी और उन्होंने AEW विमेंस चैंपियनशिप पर भी कब्जा किया था। लगा था कि वो ऑल एलीट रेसलिंग के विमेंस डिवीजन का सालों तक मुख्य हिस्सा रहेंगी लेकिन ऐसा नहीं था। कुछ समय पहले खबर आई थी कि मरिया मे का कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया है और वो WWE में आ सकती हैं। यह बात पूरी तरह से सही साबित हई। अब देखना होगा कि चीजें किस तरह से आगे बढ़ती है और मरिया मे का इन रिंग डेब्यू कब होगा।