भारत के सबसे बड़े बास्केटबॉल खिलाड़ी और AEW सुपरस्टार ने पूर्व WWE दिग्गज बिग शो को बताया ड्रीम प्रतिद्वंदी

AEW सुपरस्टार सतनाम सिंह ने दिया बड़ा बयान
AEW सुपरस्टार सतनाम सिंह ने दिया बड़ा बयान

AEW ने हाल ही में भारत के सबसे बड़े बास्केटबॉल खिलाड़ी सतनाम सिंह को साइन किया। सतनाम सिंह (Satnam Singh) ने अपने ड्रीम प्रतिद्वंदी का नाम अब बता दिया है। सतनाम सिंह ने कहा कि पूर्व WWE दिग्गज बिग शो (Big Show) के साथ वो मैच लड़ना चाहते हैं। आपको बता दें बिग शो इस समय पॉल वाइट नाम से AEW में ही काम कर रहे हैं।

AEW रिंग में बहुत जल्द नजर आएंगे भारतीय सुपरस्टार सतनाम सिंह

सतनाम सिंह दुनिया की सबसे मशहूर लीग NBA (नेशनल बास्केटबॉल एसोसिएशन) में खेलने वाले पहले भारतीय हैं और उन्होंने बहुत नाम कमाया। 7 फुट 2 इंच के इस सुपरस्टार को अभी रेसलिंग का अनुभव नहीं है। AEW में अभी उनकी ट्रेनिंग चल रही है और जल्द ही वो रिंग में भी नजर आएंगे।

हिंदुस्तान टाइम्स को हाल ही में सतनाम सिंह ने अपना इंटरव्यू दिया। यहां कई बड़े मुद्दों पर उन्होंने अपनी बात रखी। टोनी खान की कंपनी में अपने ड्रीम प्रतिद्वंदी के नाम का खुलासा भी उन्होंने किया। सतनाम सिंह ने कहा,

मैं AEW में ज्यादा रेसलर्स को नहीं जानता हूं लेकिन मैं बिग शो के साथ काम करना चाहता हूं। वो मेरी तरह ही है। मैं उनके साथ रेसलिंग करने के लिए काफी उत्साहित हूं। सबसे बड़ी बात है कि हम दोनों का साइज लगभग एक जैसा ही है। मैंने अंडरटेकर, द ग्रेट खली, बिग शो और जिंदर महल को रेसलिंग करते हुए देखा है। इन लोगों ने अपने करियर में जो किया वो मैं भी करना चाहता हूं।

कोडी रोड्स और क्यूटी मार्सल के साथ इस समय सतनाम सिंह ट्रेनिंग कर रहे हैं। जल्द ही इस सुपरस्टार का AEW रिंग में डेब्यू होगा। इस पल का इंतजार सभी भारतीय फैंस भी कर रहे हैं। सतनाम सिंह ने NBA में बहुत नाम कमाया और अब वो रेसलिंग में भी अपना जलवा दिखाना चाहते हैं। ये बात तो तय है कि टोनी खान की कंपनी में उन्हें अच्छा पुश मिलेगा। सतनाम सिंह काफी तगड़े सुपरस्टार हैं और रेसलिंग में ये बहुत काम आता है। WWE में विंस मैकमैहन भी ऐसे रेसलर्स को खूब पसंद करते हैं।

Quick Links

Edited by PANKAJ
Be the first one to comment